Russia India Energy Deal: ‘किसी हाल में नहीं रुकेगी ऊर्जा सप्लाई’, तेल संकट के बीच रूस बना भारत की ढाल
मिडिल ईस्ट संकट के बीच रूस ने भारत को भरोसा दिलाया कि तेल, गैस और कोयले की ऊर्जा सप्लाई किसी भी हाल में नहीं रुकेगी।
Russia India Energy Deal || Russia India Relations || Energy Supply India: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारत के करीबी सहयोगी रूस ने साफ कहा है कि वह हर परिस्थिति में भारत को ऊर्जा आपूर्ति जारी रखेगा। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भरोसा दिलाया कि बाहरी दबाव और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बावजूद रूस अपने सभी ऊर्जा समझौतों को पूरी तरह निभाएगा।
दरअसल, ईरान-अमेरिका तनाव के चलते दुनियाभर में तेल बाजार पर दबाव बढ़ गया है। भारत में भी ईंधन बचत को लेकर सरकार अलर्ट मोड में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की है। इसके साथ ही कई वीआईपी काफिलों में गाड़ियों की संख्या भी घटाई गई है।
भारत-रूस संबंध गहरी दोस्ती पर है आधारित
दिल्ली यात्रा से पहले दिए एक इंटरव्यू में लावरोव ने कहा कि भारत-रूस संबंध केवल राजनीतिक साझेदारी नहीं, बल्कि गहरी दोस्ती पर आधारित हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रूस से भारत को होने वाली गैस, तेल और कोयले की सप्लाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ ताकतें दोनों देशों के रिश्तों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं होंगे।
PM मोदी की जमकर तारीफ
रूसी विदेश मंत्री ने तमिलनाडु स्थित कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र को दोनों देशों के मजबूत सहयोग का बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है और आने वाले वर्षों में इसकी क्षमता और बढ़ेगी। लावरोव ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें दुनिया के सबसे ऊर्जावान नेताओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से अपनी आर्थिक और रणनीतिक ताकत बढ़ा रहा है और इसमें मोदी की बड़ी भूमिका है।
ये भी पढ़ें: ईरान पर फिर बरस सकता है अमेरिका का कहर? ट्रंप के तेवर सख्त, सैन्य कार्रवाई की चर्चाओं से बढ़ा वैश्विक तनाव

