FIR Against Rahul-Priyanka: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने के मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस ने दोनों नेताओं और अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान वे आकाशवाणी भवन में जबरन दाखिल हुए और काफी देर तक वहां बैठे रहे। चुनाव आयोग की ओर मार्च यह मामला मंगलवार, 6 अक्टूबर को उस समय सामने आया, जब राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के कई सांसद संसद भवन परिसर से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। आकाशवाणी भवन में आठ घंटे से ज्यादा चला प्रदर्शन निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक पहुंचने से रोके जाने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी सांसद आकाशवाणी भवन में दाखिल हो गए। यहां नेताओं ने आठ घंटे से ज्यादा समय तक विरोध प्रदर्शन जारी रखा। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत इंडिया गठबंधन के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, विपक्षी नेताओं के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों और उनकी कानूनी स्थिति का फैसला जांच के आधार पर होगा। पुलिस ने पहले ही दी थी चेतावनी प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने नेताओं को स्पष्ट कर दिया था कि आकाशवाणी भवन परिसर में रातभर धरना देने की अनुमति नहीं है। प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने को कहा गया था। पुलिस ने चेतावनी दी थी कि आदेश का पालन नहीं करने वालों को हिरासत में लिया जाएगा। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस ने कार्रवाई की। हिरासत में लिए गए नेताओं को कुछ घंटों बाद रिहा कर दिया गया। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला राजनीतिक और कानूनी, दोनों स्तरों पर चर्चा में है। राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग का जवाब राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि विपक्षी नेता निर्वाचन आयोग जाकर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने कहा कि शाम चार बजे तक किसी भी राजनीतिक दल या उसके प्रतिनिधि ने बैठक के लिए समय नहीं मांगा था। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच पहले से जारी टकराव को और बढ़ा दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दिल्ली पुलिस की जांच में क्या सामने आता है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है। ये भी पढ़ें: दिल्ली में विपक्ष का मार्च: बैरिकेडिंग पर चढ़े सपा नेता, राहुल-अखिलेश समेत नेताओं का धरना जारी