उत्तर प्रदेश

आगरा से लापता छात्रा का शव यमुना किनारे बोरे में मिला, लेखपाल पर शव ठिकाने लगाने का आरोप

आगरा के एमएम गेट थाना क्षेत्र से लापता छात्रा का शव मंगलवार को बढ़पुरा क्षेत्र के मिहौली गांव के पास यमुना नदी किनारे बोरे में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा की पहचान आगरा के बाह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के रूप में हुई है।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Etawah News: एमएम गेट थाना क्षेत्र से लापता छात्रा का शव मंगलवार को इटावा के बढ़पुरा क्षेत्र में मिहौली गांव के पास यमुना नदी किनारे बोरे में मिला। छात्रा की पहचान आगरा के बाह थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती विशाखा के रूप में हुई है। मामले में फतेहाबाद तहसील में तैनात लेखपाल शिवजीत सिंह पुलिस हिरासत में है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिवजीत ने छात्रा के शव को यमुना में फेंकने की बात बताई थी। इसके बाद पुलिस उसे बाह-इटावा सीमा क्षेत्र में लेकर गई, लेकिन उस समय शव नहीं मिला। मंगलवार को मिहौली गांव के पास यमुना किनारे शव बरामद हुआ।

पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी छात्रा

पुलिस के अनुसार, युवती एमएम गेट क्षेत्र में पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसके पिता ने बताया कि 24 सितंबर को वह बेटी को आगरा के भगवान टॉकीज पर छोड़कर गए थे। 29 सितंबर तक दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया और युवती लापता हो गई। परिजनों ने एमएम गेट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को युवती के लेखपाल शिवजीत सिंह के संपर्क में होने की जानकारी मिली।

पुलिस पूछताछ में लेखपाल ने बताई ये बात

शिवजीत सिंह फतेहाबाद तहसील में लेखपाल है और विवाहित बताया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि युवती उससे शादी करने का दबाव बना रही थी और पत्नी से तलाक लेने के लिए कह रही थी। पुलिस के मुताबिक, युवती फतेहाबाद रोड स्थित उसके किराये के कमरे पर पहुंची थी। शिवजीत का दावा है कि इसी दौरान युवती ने फांसी लगा ली। वह उसे अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद, पुलिस के अनुसार, शिवजीत शव को कार में रखकर बाह-इटावा सीमा की ओर ले गया और यमुना में शव और मोबाइल फेंक दिया।

यमुना किनारे बोरे में मिला शव

मंगलवार को मिहौली गांव के पास यमुना नदी किनारे बोरे में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बढ़पुरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि शव की पहचान हो गई है। मामला आगरा जनपद से संबंधित है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगरा पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

ये भी पढ़ें: लखनऊ में बाढ़ का कहर: पानी में डूबे 6 दोस्त, एक की मौत; 5 को बचाया गया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »