Noida Authority: नोएडा को हाइटेक सिटी और ऊंची-ऊंची इमारतों के शहर के तौर पर जाना जाता है, लेकिन इसी शहर से सामने आई एक तस्वीर ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नोएडा के सेक्टर-78 स्थित बाल्मीकि बस्ती में करीब 400 परिवार पिछले लगभग एक महीने से पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग पीने के पानी के लिए अपनी जान तक जोखिम में डालने को मजबूर हैं। पानी के लिए जान का खतरा बस्ती के लोगों के मुताबिक, घरों में पानी की सप्लाई बंद होने के बाद उन्होंने बड़े नाले के नीचे से गुजर रही गंगाजल की पाइपलाइन में हुए लीकेज से पानी भरना शुरू किया। इस दौरान बच्चे भी नाले में उतरकर पानी भरते नजर आए। बच्चों का जान जोखिम में डालकर पानी भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लीकेज बंद करने की कार्रवाई वीडियो सामने आने के बाद नोएडा प्राधिकरण हरकत में आया। प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और पाइपलाइन के लीकेज से पानी लेने वाले स्थान को बंद करने की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि पहले नाले के नीचे पाइपलाइन के लीकेज को वेल्डिंग के जरिए बंद किया गया था। इसके बाद लोगों ने नाले के किनारे दूसरी जगह पाइपलाइन में हो रहे लीकेज से पानी भरना शुरू कर दिया। बस्ती की बढ़ी परेशानी अब प्राधिकरण की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची है और पानी के इन स्रोतों को भी बंद किया जा रहा है, ताकि लोग खतरनाक तरीके से पानी लेने के लिए नाले में न उतरें। हालांकि, पानी के स्रोत बंद होने से बस्ती के लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके घरों में पानी की सप्लाई नहीं है और अब उन्हें पीने के लिए पानी खरीदना पड़ेगा। लोगों ने मांग की है कि लीकेज बंद करने के साथ-साथ बस्ती में पानी की नियमित व्यवस्था भी की जाए। नाले में उतरे बच्चे नोएडा की चमचमाती ऊंची इमारतों के बीच पानी के लिए नाले में उतरते बच्चों की तस्वीर शहर में बुनियादी सुविधाओं और गरीब बस्तियों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। ये भी पढ़ें: बेटे ने पिता की निर्मम हत्या कर खुद मेट्रो के आगे कूदकर दी जान, आखिर क्यों उठाया खौफनाक कदम