लखनऊ, 14 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे सीजन का आगाज बेहद रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को मेरठ मावेरिक्स ने डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास को अंतिम गेंद पर 1 विकेट से हराकर सीजन की शानदार शुरुआत की। इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे ऑलराउंडर यश गर्ग, जिन्होंने पहले गेंद से 4 विकेट झटके और फिर आखिरी ओवर में बल्ले से तूफान मचा दिया। टॉस जीतकर मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी रुद्रास की ओर से अभिषेक गोस्वामी ने 32 गेंदों पर 42 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन मेरठ के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। यश गर्ग ने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि जीशान अंसारी ने 3/19 और विशाल चौधरी ने 2/13 का शानदार प्रदर्शन किया। काशी की पूरी टीम 20 ओवर में 118 रन पर ऑलआउट हो गई। 119 रन के लक्ष्य में मेरठ की भी लड़खड़ाई शुरुआत 119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत खराब रही। स्वास्तिक चिकारा दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। काशी के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मेरठ को 10 ओवर में 47/4 के स्कोर पर पहुंचा दिया। इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में 28 रन और दिव्यांश राजपूत ने 24 गेंदों पर 26 रन बनाकर पारी को संभाला। दोनों के बीच 36 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि कार्तिक यादव ने रिंकू सिंह और संदीप तोमर को जल्दी आउट कर काशी की वापसी करा दी। अंतिम ओवर में यश गर्ग ने पलट दी बाजी मेरठ को अंतिम 18 गेंदों में 26 रन चाहिए थे। काशी के तेज गेंदबाज विपिन राय ने लगातार दो गेंदों पर दिव्यांश राजपूत और जीशान अंसारी को आउट कर मेरठ को मुश्किल में डाल दिया। विपिन राय ने 4/23 का स्पेल पूरा किया और यूपी टी20 इतिहास में 54 विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। इसके बाद आखिरी ओवर में मेरठ को जीत के लिए 19 रन चाहिए थे और सिर्फ एक विकेट बाकी था। यश गर्ग ने पहली दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। दो गेंदों में 7 रन की जरूरत थी, तब गर्ग ने एक और छक्का लगाकर मुकाबला पलट दिया। अंतिम गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने मेरठ को 1 विकेट से यादगार जीत दिला दी। गर्ग ने सिर्फ 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए। यश गर्ग बोले- खुद पर भरोसा था प्लेयर ऑफ द मैच यश गर्ग ने कहा कि उन्हें खुद पर भरोसा था और वह मैच को आखिरी तक ले जाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि अंतिम ओवर में बड़े शॉट खेलने के अलावा कोई विकल्प नहीं था और अच्छी बात रही कि शॉट सही जगह लगे। मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने भी गर्ग की तारीफ करते हुए कहा कि अंतिम ओवर में उनका पहला बड़ा शॉट देखकर ही उन्हें भरोसा हो गया था कि आज यश का दिन है। वहीं काशी के कप्तान करण शर्मा ने माना कि टीम ने अंतिम ओवर में मुकाबला गंवाया। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने टीम को जीत की स्थिति में पहुंचा दिया था, लेकिन आगे गलतियों से सीखकर मजबूत वापसी करेंगे। मैच के प्रमुख पुरस्कार प्लेयर ऑफ द मैच: यश गर्ग डिपेंडबल बॉलर ऑफ द मैच: यश गर्ग मोस्ट सिक्सेस: अभिषेक गोस्वामी मोस्ट फोर: रिंकू सिंह सुपर स्ट्राइकर: अभिषेक गोस्वामी बेस्ट कैच: ऋतुराज शर्मा शनिवार, 15 अगस्त को लीग में दो मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 3 बजे नोएडा किंग्स बनाम कानपुर सुपरस्टार्स, जबकि शाम 7:30 बजे लखनऊ फाल्कन्स बनाम गोरखपुर लायंस आमने-सामने होंगे। ये भी पढ़ें : समय रैना को बड़ी राहत! सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कीं सभी FIR, लेकिन मामला अभी खत्म नहीं