क्राइम

बीयर पार्टी बनी मौत का सौदा — दोस्त ने सीने में दागी गोली, 2 घंटे में पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

दोस्ती से शुरू हुई मुलाकात पैसों के विवाद में बदल गई ! खून-खराबे में वारदात के बाद इलाके में आक्रोश, सड़क जाम कर लोगों ने जताया विरोध, पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को मुठभेड़ में दबोचा, दोनों पैरों में लगी गोली

Reported by Tanushka Tangar and edited by Tanushka Tangar

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक सर्राफा व्यापारी की उसके ही दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बबेरू थाना क्षेत्र के बबेरू कस्बे की है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।

मृतक की पहचान 42 वर्षीय आभूषण कारीगर, तेज प्रकाश सोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे उसके दोस्त असलम खान ने उन्हें कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास मिलने के लिए बुलाया। दोस्त के बुलाने पर तेज प्रकाश अपनी बाइक से वहां पहुंचे, जहां दोनों ने साथ बैठकर बीयर पी। इसी दौरान किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच बहस छिड़ गई। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि असलम ने तमंचा निकालकर तेज प्रकाश के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही तेज प्रकाश मौके पर गिर पड़े और आरोपी असलम वहां से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्याकांड के बाद पूरे इलाके का माहौल गुस्से से भर गया। स्थानीय व्यापारी और आम लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध में सड़क जाम कर दी। हालात ऐसे बने कि करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह थम सा गया, और हर तरफ सिर्फ आक्रोश और हंगामे की तस्वीर देखने को मिली।

हालात को काबू में करने के लिए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल खुद मौके पर पहुंचे और तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने बिना देर किए अलग-अलग टीमें बनाई और तेज़ी से कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के अंदर ही मुठभेड़ के दौरान आरोपी को दबोच लिया।

मुठभेड़ के दौरान आरोपी असलम के दोनों पैरों में गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों पहले मुंबई में साथ काम कर चुके थे और बिजनेस पार्टनर भी रह चुके हैं। पैसों के लेन-देन को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद ही आखिरकार इस खौफनाक वारदात की जड़ बन गया।फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »