Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद उस वक्त चर्चा में आ गया, जब मौके पर पहुंचे एक दरोगा के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला बिसरख थाना क्षेत्र में यूफेरिया मॉल के पास रविवार रात का बताया जा रहा है। गाड़ी निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानकारी के मुताबिक, सड़क पर खड़ी एक गाड़ी को पार्किंग से बाहर निकालने को लेकर दो कार सवार पक्षों के बीच कहासुनी हुई। शुरुआत में मामूली विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और मौके पर हंगामा होने लगा। स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों और एक दरोगा के बीच भी कहासुनी हो गई। दरोगा से धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक युवक दरोगा से बहस करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक द्वारा पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की किए जाने का दावा किया जा रहा है। एक महिला पर भी मौके पर अभद्रता और थप्पड़ मारने के आरोप लगाए गए। हालांकि, वायरल वीडियो और आरोपों के बीच पुलिस ने महिला के साथ अभद्रता या थप्पड़ मारने के आरोपों को गलत बताया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही किसी कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। दोनों पक्षों ने नहीं दी शिकायत पुलिस के अनुसार, विवाद की सूचना मिलने के बाद दोनों पक्षों को स्थानीय चौकी लाया गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। किसी भी पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग नहीं की। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी जिले में तैनात दरोगा नहीं हैं। वह जिले से बाहर तैनात हैं और अपनी पत्नी को अस्पताल में देखने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट आए थे। शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस बीच दरोगा के साथ कथित धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पुलिस पूरे घटनाक्रम को उपलब्ध तथ्यों और शिकायत के आधार पर देखने की बात कह रही है। ये भी पढ़ें: नोएडा में सुपरनोवा सोसाइटी की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, घटना से पहले कही थी ये बात