उत्तर प्रदेशकानपुरमनोरंजन

कानपुर में एल्विश यादव के शो में हंगामा, फैन ने खींची जैकेट, धक्का-मुक्की में स्टेज से गिरा साथी

कानपुर की डांडिया नाइट में एल्विश यादव को देखने उमड़ी भीड़ के बीच एक फैन स्टेज पर पहुंच गया और उनकी जैकेट खींच दी। घटना के बाद धक्का-मुक्की और अव्यवस्थाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Elvish Yadav: कानपुर के मोतीझील स्थित लाजपत भवन ग्राउंड में रविवार को हुई डांडिया नाइट उस वक्त सुर्खियों में आ गई, जब कार्यक्रम के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए। रैपर-सिंगर और यूट्यूबर एल्विश यादव को देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंचे थे। एल्विश के स्टेज पर आते ही फैन्स में उत्साह बढ़ा, लेकिन इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कार्यक्रम से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि भीड़ के बीच से एक फैन स्टेज तक पहुंच गया। उसने एल्विश यादव की जैकेट खींच ली। अचानक हुई इस हरकत के बाद स्टेज पर मौजूद लोगों ने उसे पीछे हटाने की कोशिश की। इसी दौरान धक्का-मुक्की में एल्विश के साथ मौजूद एक व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह स्टेज से नीचे गिर गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मंच के आसपास अफरा-तफरी जैसी स्थिति दिखाई दी।

स्टेज तक फैन पहुंचने से सुरक्षा पर सवाल

सबसे ज्यादा सवाल इस बात को लेकर उठ रहे हैं कि भारी भीड़ के बावजूद फैन आखिर स्टेज तक कैसे पहुंच गया। कार्यक्रम के दौरान मंच से एंकर प्रतीक त्रिवेदी और एंकर शीतल मागर भी दर्शकों से शांति बनाए रखने और व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते नजर आए। इसके बावजूद स्टेज के आसपास धक्का-मुक्की का वीडियो सामने आने से आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था चर्चा में आ गई।

घंटों इंतजार के बाद एल्विश के देर से आने पर नाराजगी

कार्यक्रम में एल्विश यादव के देर से पहुंचने को लेकर भी दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में एल्विश खुद फैन्स से माफी मांगते नजर आ रहे हैं। उन्होंने मंच से बताया कि वह शाम करीब सात बजे से होटल में तैयार बैठे थे, लेकिन उन्हें कार्यक्रम स्थल पर आयोजकों की ओर से देर से लाया गया। एल्विश ने देरी के लिए फैन्स से माफी मांगी और कहा कि इसमें उनकी ओर से देरी नहीं थी।

‘पैसा पानी में डूब गया’… सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

कार्यक्रम में पहुंचे कुछ दर्शकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और प्रतिक्रियाओं में कुछ लोग भीड़, इंतजाम और इंतजार को लेकर असंतुष्ट नजर आए। लोगों की ओर से यह तक कहा गया कि ‘पैसा पानी में डूब गया, इससे अच्छा घर पर रहते।’ हालांकि, यह दर्शकों की प्रतिक्रिया है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

डांडिया नाइट से ज्यादा चर्चा में अव्यवस्थाएं

एल्विश यादव की मौजूदगी को लेकर कार्यक्रम में युवाओं में खासा उत्साह था, लेकिन स्टेज पर फैन के पहुंचने, जैकेट खींचने और धक्का-मुक्की की घटना ने आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। इसके साथ ही एल्विश के देर से पहुंचने को लेकर उनकी ओर से मंच से मांगी गई माफी का वीडियो भी चर्चा में है।

मामला स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थित लाजपत भवन ग्राउंड का है। फिलहाल वायरल वीडियो और कार्यक्रम के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़ें: हनुमान अंश’ की कामयाबी के बाद अब टीवी पर दिखेगा महाराज जी की कहानियों का संसार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »