UP Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर बीजेपी ने 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। खास बात ये है कि पार्टी ने सभी सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है। वहीं, यूपी से राज्यसभा सांसद और मोदी सरकार के दो मंत्री-हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा-को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। इसके बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या दोनों नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी बाहर होना पड़ेगा? बीजेपी ने जारी की 8 उम्मीदवारों की सूची बीजेपी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। पार्टी की सूची में मौजूदा राज्यसभा सांसदों को रिपीट करने के बजाय नए चेहरों पर दांव लगाया गया है। इस सूची में हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का नाम नहीं है। दोनों नेताओं का राज्यसभा कार्यकाल नवंबर 2026 में खत्म होने वाला है। ऐसे में उनकी दोबारा राज्यसभा में एंट्री नहीं होने के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हरदीप सिंह पुरी का क्या होगा? हरदीप सिंह पुरी इस समय केंद्र सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हैं। उन्हें पहली बार जनवरी 2018 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजा गया था। इसके बाद नवंबर 2020 में उन्हें यूपी से दोबारा राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया। मोदी सरकार में पहले वह राज्यमंत्री रहे और जून 2024 में तीसरी बार मोदी सरकार बनने के बाद उन्हें पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की कैबिनेट जिम्मेदारी दी गई। अब चूंकि बीजेपी ने उन्हें यूपी से दोबारा राज्यसभा उम्मीदवार नहीं बनाया है, इसलिए उनके केंद्रीय मंत्रिमंडल में बने रहने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बीएल वर्मा भी नहीं हुए रिपीट बीएल वर्मा को भी बीजेपी ने इस बार यूपी से राज्यसभा उम्मीदवार नहीं बनाया है। वह नवंबर 2020 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे और बाद में मोदी सरकार में राज्यमंत्री बनाए गए। जून 2024 में तीसरी बार बनी मोदी सरकार में उन्हें उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और सामाजिक न्याय से जुड़े मंत्रालयों में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। उनका भी राज्यसभा कार्यकाल नवंबर 2026 में खत्म हो रहा है। क्या दोनों मंत्रियों को देना पड़ेगा इस्तीफा? बीजेपी की राज्यसभा सूची सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या राज्यसभा सदस्यता खत्म होने के साथ हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा देना पड़ेगा? फिलहाल सिर्फ राज्यसभा के लिए रिपीट नहीं किए जाने से यह तय नहीं होता कि दोनों मंत्री तुरंत सरकार से बाहर हो जाएंगे। हालांकि, बीजेपी की नई सूची ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की अटकलों को जरूर हवा दे दी है। बताया जा रहा है कि केंद्र में मंत्रिमंडल की कुछ सीटें खाली हैं और यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कैबिनेट में बदलाव की संभावना को लेकर चर्चा चल रही है। ऐसे में अब नजर इस बात पर है कि पार्टी दोनों नेताओं के भविष्य को लेकर क्या फैसला करती है। सामाजिक समीकरण पर भी बीजेपी का फोकस बीजेपी ने राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक समीकरण का भी ध्यान रखा है। पार्टी की सूची में तीन ओबीसी, दो दलित और एक ठाकुर चेहरे को जगह दी गई है। खास तौर पर बीएल वर्मा की जगह लोधी समाज से आने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। यानी बीजेपी की इस सूची में नए चेहरों के साथ-साथ यूपी के सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिश भी साफ नजर आ रही है। ये भी पढ़ें: माफीनामे के बाद आकाश आनंद की वापसी के कयास तेज, विधानसभा चुनाव से पहले बसपा में लौटने की चर्चा