उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा DLF मॉल में घी-तेल चोरी का आरोप, CCTV ने खोला राज! बैग में मिले 2 किलो सामान

नोएडा DLF मॉल में घी-तेल चोरी का आरोप, CCTV से खुला राज। महिला के बैग से दो किलो सामान मिला, भुगतान के बाद मामला शांत हुआ।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

DLF Mall Noida: नोएडा के सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल में रविवार शाम घी और तेल बिना भुगतान किए ले जाने के आरोप में एक महिला को सिक्योरिटी टीम ने रोक लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला मोबाइल से अपना चेहरा छिपाती नजर आ रही है। जानकारी के मुताबिक, महिला अपने पति के साथ मॉल के एक स्टोर में खरीदारी करने पहुंची थी। आरोप है कि उसने स्टोर से करीब एक किलो घी का डिब्बा और एक किलो तेल की बोतल अपने बैग में रख ली। इसके बाद वह अकेले स्टोर से बाहर निकल गई, जबकि उसका पति अंदर बिलिंग करा रहा था।

बैग चेक कराने से किया इनकार

महिला के बाहर निकलते ही सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोककर बैग दिखाने को कहा। महिला ने बैग की जांच कराने से इनकार कर दिया और स्टाफ से बहस करने लगी। मामला बढ़ने पर अन्य सुरक्षाकर्मी और स्टोर कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद CCTV फुटेज खंगाली गई। फुटेज में महिला सामान बैग में रखते हुए दिखाई दी। इसके बाद महिला को वापस स्टोर के अंदर ले जाया गया और उसके बैग से घी और तेल बरामद किया गया। बाद में उसके पति को भी अंदर बुलाया गया।

पहले भी चोरी का दावा

स्टोर कर्मचारी ने आरोप लगाया कि महिला और उसके साथ आए व्यक्ति पर पहले भी सामान चोरी करने का शक रहा है। कर्मचारी के मुताबिक, पिछले कुछ समय में करीब 4 हजार रुपये के घी और अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। CCTV की मदद से इस बार महिला को पकड़ लिया गया।वीडियो में स्टोर कर्मचारी यह भी दावा करता सुनाई देता है कि चोरी की घटनाएं 15 अगस्त के बाद से सामने आ रही थीं और यह चौथी घटना थी। हालांकि, इन घटनाओं के बीच कुछ दिनों का अंतर रहा।

सामान का भुगतान करने के बाद मामला शांत

मॉल सिक्योरिटी के मुताबिक, महिला ने बाद में बरामद सामान का भुगतान कर दिया। DLF चौकी इंचार्ज ने बताया कि बिना भुगतान सामान ले जाने को लेकर महिला और सिक्योरिटी टीम के बीच विवाद हुआ था। भुगतान के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई और किसी ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पार्किंग विवाद का वीडियो वायरल, दरोगा से धक्का-मुक्की पर मचा हंगामा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »