Javed Akhtar Fake Statement: गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से वायरल हो रहे एक मैसेज को फर्जी बताया है। वायरल पोस्ट में दावा किया गया था कि जावेद अख्तर ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके की आलोचना की है। जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस दावे को खारिज किया। ‘मेरे नाम का इस्तेमाल क्यों?’ जावेद अख्तर ने कहा कि उन्होंने न तो CJP की आलोचना की है और न ही अभिजीत दीपके को लेकर ऐसा कोई बयान दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि दीपके और CJP का विरोध करने वालों को अपनी बात के लिए उनके नाम का सहारा लेने की जरूरत क्यों पड़ी। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज पूरी तरह फेक है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी राजनीतिक या वैचारिक विरोध को मजबूत दिखाने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल किया जाना उचित नहीं है। वायरल मैसेज में अभिजीत दीपके को लेकर भी टिप्पणी की गई थी और उन्हें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ‘कठपुतली’ बताया गया था। जावेद अख्तर ने स्पष्ट किया कि यह उनका बयान नहीं है। कंचन गुप्ता और जावेद अख्तर के बीच सोशल मीडिया पर बहस इसी बीच जावेद अख्तर और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार कंचन गुप्ता के बीच X पर तीखी बहस भी हुई। विवाद की शुरुआत ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी के जनसंख्या को लेकर दिए गए बयान से हुई। रशीदी के बयान को लेकर कंचन गुप्ता ने जावेद अख्तर को टैग करते हुए सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर ऐसा बयान किसी हिंदू ने दिया होता तो जावेद अख्तर समेत कई लोग इस पर प्रतिक्रिया देते। कंचन गुप्ता की पोस्ट पर जावेद अख्तर ने जवाब देते हुए उनके रुख की आलोचना की और कहा कि ऐसे मामलों में किसी समुदाय विशेष के व्यक्ति के बयान के बजाय सरकारी जनगणना के आंकड़ों पर भरोसा किया जाना चाहिए। धर्म और कट्टरता को लेकर भी हुई बहस बहस आगे बढ़ने पर दोनों के बीच धर्म, कट्टरता और जावेद अख्तर के व्यक्तिगत विचारों को लेकर भी तीखी टिप्पणियां हुईं। जावेद अख्तर ने कहा कि उन्हें किसी धर्म विशेष के कट्टरपंथियों के साथ जोड़ने की कोशिश नहीं की जा सकती। उन्होंने अपने जवाब में स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी और डॉ. राधाकृष्णन का जिक्र करते हुए हिंदू धर्म को लेकर अपने विचार रखे और कंचन गुप्ता की टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। वहीं, कंचन गुप्ता ने जावेद अख्तर के जवाब को ‘सुविधा के अनुसार किनारा करना’ बताया और कहा कि इस्लाम और हिंदू धर्म को लेकर उनके रवैये की तुलना अलग-अलग तरीके से नहीं की जानी चाहिए। ‘गलत आदमी से पंगा लिया है’ सोशल मीडिया पर बहस के दौरान जावेद अख्तर ने कंचन गुप्ता से कहा कि उन्होंने ‘गलत आदमी से पंगा लिया है’ और वह उनके कथित झूठ को चुनौती देते रहेंगे। इस पूरे विवाद के बीच जावेद अख्तर के नाम से वायरल फेक मैसेज भी चर्चा में आ गया है। हालांकि, उन्होंने खुद उस मैसेज को खारिज करते हुए साफ किया है कि CJP और अभिजीत दीपके को लेकर वायरल किया जा रहा बयान उनका नहीं है। ये भी पढ़ें: यामी-आदित्य ने छोड़ा मुंबई, हिमाचल में बसाया नया ठिकाना, जानें क्यों लिया ये फैसला