उत्तर प्रदेशभारत

झारखंड से वृंदावन तक पहुंचा 17 वर्षीय किशोर, प्रेमानंद महाराज से दीक्षा की जिद; आश्रम ने पुलिस बुलाई

प्रेमानंद महाराज का आश्रम पिछले कुछ दिनों से विवादों के बीच घिरा हुआ है। इस बीच झारखंड से 17 साल का एक किशोर घरवालों को बिना कुछ बताए वृंदावन पहुंच गया। उसने प्रेमानंद महराज से दीक्षा लेने की इच्छा जताई।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Premananda Maharaj Ashram: प्रेमानंद महाराज का आश्रम पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग विवादों को लेकर चर्चा में है। इसी बीच झारखंड का 17 वर्षीय किशोर घरवालों को बिना बताए वृंदावन पहुंच गया। वह राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचा और प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने की इच्छा जताई। किशोर की कम उम्र को देखते हुए आश्रम प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस किशोर को सुरक्षित रमणरेती पुलिस चौकी ले गई और उसके परिजनों से संपर्क किया। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब आश्रम के बाहर अपने लापता बच्चों की तलाश में कई परिवार पहुंच रहे हैं।

लापता बेटे की तलाश में मेरठ से पहुंचा परिवार

इसी बीच सोमवार को मेरठ निवासी नेत्रपाल अपनी पत्नी पूनम के साथ बेटे प्रिंस की तस्वीर लेकर प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। परिवार ने बेटे की तलाश में मदद की गुहार लगाई। परिवार के मुताबिक, प्रिंस मई 2024 में NEET परीक्षा देने के बाद अपने माता-पिता के साथ वृंदावन आया था। 10 मई को उसे एकांतिक वार्ता के लिए पास मिला था। प्रिंस अकेले आश्रम के अंदर गया, लेकिन वार्ता खत्म होने के बाद वह बाहर नहीं आया। पूनम का दावा है कि परिवार ने आश्रम के साधकों से प्रिंस के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद मथुरा पुलिस से भी शिकायत की गई। परिवार का कहना है कि बेटे की तलाश में वे लगातार मेरठ और वृंदावन के बीच चक्कर लगा रहे हैं। हालांकि, इसी बीच लापता बताए जा रहे दो किशोर अलग-अलग जगहों से मिल चुके हैं। पुलिस को एक किशोर हाथरस के एक आश्रम में मिला, जबकि दूसरे का पता प्रयागराज में चला।

आश्रम के बाहर परिवार और भक्तों में नोकझोंक

प्रिंस की तलाश में आश्रम पहुंचे परिवार की सोमवार को वहां मौजूद कुछ भक्तों से नोकझोंक भी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने अभद्रता के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया। पिछले दो दिनों से आश्रम के बाहर इसी तरह की स्थिति बनी हुई है।

पत्रकार का पुतला फूंका

उधर, प्रेमानंद महाराज के एक दीक्षित साधक रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद सामने आई खबरों को लेकर भी विवाद जारी है। सोमवार को संत के कुछ भक्तों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म चलाने वाले एक पत्रकार का पुतला फूंका। भक्तों ने आरोप लगाया कि पत्रकार प्रेमानंद महाराज की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों को लेकर संबंधित पत्रकार का पक्ष सामने आना बाकी है।

आश्रम की जांच की मांग

वहीं, श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने आश्रम से जुड़े विवादों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम के शिष्य परिकर में दो गुट हैं और प्रचार के लिए पैसे देकर एक मशहूर हस्ती को आश्रम बुलाया गया था। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले में पुलिस और संबंधित पक्षों की जांच और आधिकारिक बयान महत्वपूर्ण होंगे।

ये भी पढ़ें: प्रेमानंदजी के शिष्य की मौत से जुड़े चौथे CCTV वीडियो ने बढ़ाए सवाल, आखिर कौन कर रहा फुटेज वायरल?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »