खेल

स्मृति मंधाना बनीं महिला टीम इंडिया की नई कप्तान, हरमनप्रीत के बाद संभालेंगी तीनों फॉर्मेट की कमान

स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तीनों फॉर्मेट की नई कप्तान बनाया गया। उन्होंने जिम्मेदारी पर खुशी जताई और हरमनप्रीत कौर के योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को नया कप्तान मिल गया है। बीसीसीआई ने स्मृति मंधाना को टीम इंडिया की तीनों फॉर्मेट में स्थायी कप्तान नियुक्त किया है। यह फैसला हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के ऐलान के बाद लिया गया है। स्मृति मंधाना लंबे समय से टीम की लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा रही हैं। वह हरमनप्रीत कौर की डिप्टी के तौर पर जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं और उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं। अब उन्हें पूर्णकालिक कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पहले भी कर चुकी हैं टीम की कप्तानी

मंधाना के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी का अनुभव है। वह अब तक 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय और 4 वनडे मैचों में भारतीय टीम का नेतृत्व कर चुकी हैं। इसके अलावा विमेंस प्रीमियर लीग में भी वह कप्तानी की जिम्मेदारी संभालती रही हैं। मंधाना की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दो बार WPL का खिताब अपने नाम किया है। ऐसे में अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नेतृत्व कौशल पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।

कप्तानी मिलते ही क्या बोलीं स्मृति?

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद स्मृति मंधाना ने इसे अपने लिए सम्मान और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भारत की कप्तानी करना उनके लिए बेहद खास है। देश के लिए खेलना उनके लिए हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है और अब टीम का नेतृत्व करने का मौका उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। मंधाना ने बीसीसीआई, चयनकर्ताओं, अपनी टीम की साथी खिलाड़ियों और उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उनके क्रिकेट सफर में उनका साथ दिया।

हरमनप्रीत कौर को भी दिया धन्यवाद

नई कप्तान ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत ने लंबे समय तक शानदार तरीके से टीम का नेतृत्व किया और भारतीय महिला क्रिकेट की यात्रा में उनका अहम योगदान रहा। मंधाना ने कहा कि वह नई भूमिका के साथ आने वाली जिम्मेदारियों को समझती हैं और टीम के साथ काम करते हुए लगातार सीखना चाहती हैं। उनका लक्ष्य भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना है।

अब स्मृति मंधाना के सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम को तीनों फॉर्मेट में मजबूती देने और हरमनप्रीत के बाद नेतृत्व की नई दिशा तय करने की होगी।

ये भी पढ़ें: हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी भारतीय महिला टीम की कमान, साझा किया भावुक संदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »