खेल

तिलक वर्मा का शतक भी नहीं बचा सका भारत को हार से, पाकिस्तान ने 48 रनों से दी शिकस्त

पाकिस्तान ए ने भारत ए को 48 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। तिलक वर्मा के शतक और अभिषेक-शाहबाज के अर्धशतक भी बेकार रहे।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

india vs Pakistan Match: एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को करारी हार का सामना करना पड़ा। रविवार को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान ए ने भारत ए को 48 रनों से हरा दिया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 265 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली।

तिलक वर्मा का शतक बेकार

314 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आयुष बडोनी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। महज 26 रन पर भारत ने दो विकेट गंवा दिए।

इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कप्तान तिलक वर्मा के साथ पारी को संभाला। अभिषेक ने 42 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के लगाकर 70 रन बनाए। हालांकि, उनके आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। कुमार कुशाग्र 2, रिंकू सिंह 6 और सूर्यांश शेडगे 3 रन बनाकर आउट हो गए। देखते ही देखते भारत का स्कोर 129 रन पर 6 विकेट हो गया।

तिलक और शाहबाज की साझेदारी ने जगाई उम्मीद

मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को कप्तान तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने संभाला। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 108 गेंदों में 112 रनों की साझेदारी कर जीत की उम्मीदें जगा दीं।

शाहबाज ने 49 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें चार छक्के शामिल थे। वहीं तिलक वर्मा ने 100 रनों की शानदार पारी खेली। लेकिन इन दोनों की मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी। पाकिस्तान के अली रजा और अन्य गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर भारत की पारी समेट दी।

पाकिस्तान ने खड़ा किया 313 रनों का स्कोर

इससे पहले पाकिस्तान ने 49.2 ओवर में 313 रन बनाए। माज सदाकत ने 59, हसन नवाज ने 79 और फरहान यूसुफ ने 56 रनों की अहम पारियां खेलीं। भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट हासिल किए। आयुष बडोनी को एक सफलता मिली।

पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज और अली रजा ने तीन-तीन विकेट लेकर भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, जबकि भारतीय टीम को इस हार से बड़ा झटका लगा है।

ये भी पढ़ें: 70 रन पर आधी टीम ढेर, फिर न्यूजीलैंड का पलटवार! 12 साल पुराना इतिहास दोहराने की तैयारी?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »