खेल

जय शाह को फिर मिली ICC की कमान, निर्विरोध चुने गए चेयरमैन!

जय शाह को दूसरी बार निर्विरोध ICC चेयरमैन चुन लिया गया। पहले कार्यकाल की उपलब्धियों के बाद अब उनका लक्ष्य क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Jay Shah Reappointment ICC Chairman: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में एक बार फिर जय शाह के नेतृत्व पर मुहर लग गई है। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित ICC बोर्ड की अहम बैठक में उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चेयरमैन चुन लिया गया। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। दोबारा जिम्मेदारी मिलने के बाद जय शाह ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए दुनियाभर में क्रिकेट के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया।

पहले कार्यकाल में लिए कई अहम फैसले

जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को ICC चेयरमैन का पद संभाला था। महज 35 साल की उम्र में इस पद पर पहुंचकर वह संस्था के इतिहास के सबसे युवा चेयरमैन बने थे। इससे पहले वह अक्टूबर 2019 से BCCI के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। उनके पहले कार्यकाल (2024-2026) के दौरान क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी की दिशा में उनकी भूमिका अहम रही। इसके अलावा महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने, अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की लोकप्रियता बढ़ाने और एसोसिएट देशों को आर्थिक व बुनियादी ढांचे से जुड़ा सहयोग देने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों का आयोजन भी हुआ।

दूसरी पारी में क्या है जय शाह का प्लान?

दोबारा ICC चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने कहा कि बोर्ड के सदस्यों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के वैश्विक हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जय शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि ICC की जिम्मेदारी केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है। क्रिकेट का भविष्य मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, व्यावसायिक साझेदारों और अन्य हितधारकों की जरूरतों पर ध्यान देना जरूरी है।

दुनियाभर में क्रिकेट का विस्तार होगा प्राथमिकता

जय शाह के मुताबिक, क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत अलग-अलग देशों और लोगों को एक मंच पर लाने की क्षमता है। उनका लक्ष्य इस खेल को नए क्षेत्रों तक पहुंचाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर अवसर तैयार करना है। अब दूसरे कार्यकाल में जय शाह के सामने क्रिकेट को वैश्विक पहचान दिलाने, महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने और नए देशों में इस खेल का आधार मजबूत करने जैसी चुनौतियां रहेंगी। सबकी नजर इस बात पर होगी कि उनकी अगली पारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट किस दिशा में आगे बढ़ता है।

ये भी पढ़ें: 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बने सबसे युवा T20 कप्तान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »