उत्तर प्रदेशराजनीति

आजम खान के बयान पर AIMIM का अनोखा पलटवार! इटावा में बंटवाई हैदराबादी बिरयानी

आजम खान की हैदराबादी बिरयानी पर टिप्पणी के बाद इटावा में AIMIM ने बिरयानी बंटवाई। ओवैसी की तस्वीर के साथ हुए आयोजन ने 2027 चुनाव से पहले सियासी हलचल बढ़ाई।

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नेताओं के बयान और एक-दूसरे पर हमले के बीच अब चुनावी राजनीति में हैदराबादी बिरयानी की भी एंट्री हो गई है। इटावा में AIMIM ने बिरयानी बंटवाकर ऐसा सियासी संदेश देने की कोशिश की, जिसकी चर्चा इलाके में हो रही है।

आजम खान के बयान के बाद AIMIM का जवाब

दरअसल, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की ओर से हैदराबादी बिरयानी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद AIMIM ने अलग अंदाज में प्रतिक्रिया दी। पार्टी के इटावा जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन ने हैदराबादी बिरयानी तैयार करवाकर मुस्लिम बहुल नई बस्ती इलाके में बंटवाई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बिरयानी लेने और खाने के लिए पहुंचे।

मौके पर असदुद्दीन ओवैसी की तस्वीर वाला पोस्टर भी लगाया गया था। जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन ने कहा कि आजम खान की टिप्पणी के जवाब में पार्टी ने यह आयोजन किया है। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समाज के लोग अब ओवैसी को अपना प्रमुख नेता मान रहे हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में AIMIM का समर्थन करेंगे।

सपा छोड़ AIMIM के समर्थन का दावा

इस आयोजन में शामिल मोहम्मद बहाउद्दीन कुरैशी ने भी अपनी राजनीतिक पसंद में बदलाव की बात कही। उनका कहना था कि अब तक उनका परिवार और समाजवादी पार्टी के समर्थक रहे लोग सपा को वोट देते थे, लेकिन अब उन्हें ओवैसी के रूप में अपनी बात उठाने वाला नेता दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि बड़े राजनीतिक दलों में अलग-अलग समुदायों के नेताओं की मौजूदगी है, लेकिन मुस्लिम समाज को अपनी आवाज उठाने के लिए ओवैसी जैसे नेतृत्व की जरूरत है। उनके मुताबिक, AIMIM को समर्थन देने से राजनीतिक दलों के सामने मुस्लिम समाज की ताकत भी प्रदर्शित होगी।

2027 से पहले किसके साथ जाएगा मुस्लिम वोट बैंक?

इटावा में बिरयानी वितरण के बहाने AIMIM ने मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की है। हालांकि, पार्टी नेताओं और समर्थकों के दावों का चुनावी असर कितना होगा, यह आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल, आजम खान की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ बिरयानी विवाद अब यूपी की सियासत में नई चर्चा का विषय बन गया है।

ये भी पढ़ें: प्रियंका गांधी का बड़ा दांव! सपा-कांग्रेस में सीटों पर महामंथन, सामने आया 60-50-70 का फॉर्मूला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »