उत्तर प्रदेशराजनीति

प्रियंका गांधी का बड़ा दांव! सपा-कांग्रेस में सीटों पर महामंथन, सामने आया 60-50-70 का फॉर्मूला

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर महामंथन शुरू। प्रियंका गांधी ने 60+50+70 का फॉर्मूला तैयार किया, अब अखिलेश की सहमति पर नजरें टिकीं।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी गठबंधन की तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों दलों ने सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू करने की तैयारी कर ली है। सोमवार, 23 नवंबर से दिल्ली में दोनों पार्टियों की समन्वय समितियों के बीच पहले दौर की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि गठबंधन में कांग्रेस के हिस्से कितनी सीटें आएंगी और किन विधानसभा क्षेत्रों पर दोनों दलों की सहमति बनेगी।

प्रियंका गांधी की मंजूरी से बदली कांग्रेस की रणनीति

कांग्रेस ने पहले सपा के सामने 181 विधानसभा सीटों की सूची रखी थी और 15 दिसंबर तक इस पर फैसला लेने की बात कही थी। हालांकि, अब पार्टी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी वाड्रा की मंजूरी के बाद कांग्रेस ने नई सूची तैयार की है। इसमें उन सीटों को प्राथमिकता दी गई है, जहां पार्टी का संगठन मजबूत है और पिछले चुनावों में उसका प्रदर्शन बेहतर रहा है।

क्या है कांग्रेस का 60+50+70 फॉर्मूला?

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सीटों पर दावेदारी के लिए तीन चरणों की रणनीति बनाई है।

पहला चरण (60 सीटें): कांग्रेस इन 60 सीटों को अपनी प्राथमिकता में रखेगी। इनमें पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक के विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
दूसरा चरण (50 सीटें): इस सूची में उन सीटों को रखा गया है, जहां कांग्रेस पहले बेहतर प्रदर्शन कर चुकी है। सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद क्षेत्र पर खास फोकस रहेगा।
तीसरा चरण (70 सीटें): इसमें रायबरेली, अमेठी और प्रयागराज समेत उन क्षेत्रों की सीटें शामिल होंगी, जहां कांग्रेस अपने संगठन और जीत की संभावनाओं के आधार पर दावा पेश करेगी।

दोनों दलों की समितियों में कौन-कौन शामिल?

सपा की ओर से गठित चार सदस्यीय समिति की अगुवाई प्रो. रामगोपाल यादव करेंगे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल हैं।

वहीं, कांग्रेस की पांच सदस्यीय टीम में अजय माकन, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है।

54 सीटों पर अटकी बात या बनेगा नया समीकरण?

सूत्रों के मुताबिक, सपा की ओर से कांग्रेस को करीब 54 सीटें देने की चर्चा है, जबकि कांग्रेस इससे ज्यादा सीटों पर अपना दावा रखना चाहती है। कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, बातचीत में कुल सीटों की संख्या के बजाय प्रत्येक विधानसभा सीट की स्थिति और जीतने की संभावना पर विचार किया जाएगा।

23 से 25 नवंबर तक चलने वाली इस बातचीत के बाद दोनों समितियां अपने-अपने शीर्ष नेतृत्व को रिपोर्ट सौंपेंगी। ऐसे में अब देखना होगा कि प्रियंका गांधी का नया फॉर्मूला सपा को कितना मंजूर होता है और 2027 के चुनाव से पहले दोनों दल सीटों के बंटवारे पर किस नतीजे तक पहुंचते हैं।

ये भी पढ़ें: बागेश्वर बाबा की कथा और चुनाव हारने का कनेक्शन! दिग्विजय सिंह के बयान पर पत्नी ने भी दिया रिएक्शन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »