भारत

दिल्ली पुलिस ने विमान के अंदर से अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया

जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर CJP प्रमुख अभिजीत दिपके समेत तीन नेता हिरासत में लिए गए। पार्टी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए बिना शर्त रिहाई मांगी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

CJP’s Protest in Delhi: जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, अभिजीत दिपके के साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया; CJP ने उठाए सवाल दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस की कार्रवाई ने सियासी और सामाजिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके समेत तीन नेताओं को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया। बताया गया है कि पुलिस की टीम विमान के अंदर पहुंची और लैंडिंग के दौरान ही तीनों को अपने साथ ले गई।

फ्लाइट में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दिपके जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली पुलिस को उनके आने की पहले से जानकारी थी। इसी के आधार पर पुलिस की टीम एयरपोर्ट पर मौजूद रही। विमान में पहुंचकर पुलिस ने अभिजीत दिपके के अलावा सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया। हालांकि, पुलिस की ओर से इस कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

CJP ने जताई नाराजगी

तीनों नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद CJP ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी के प्रवक्ता का आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शन को कमजोर करने के उद्देश्य से पहले ही शीर्ष नेतृत्व को हिरासत में लेने की योजना बना ली थी। पार्टी का कहना है कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया गया था, इसके बावजूद नेताओं के खिलाफ यह कदम उठाया गया। CJP ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए तीनों नेताओं को बिना शर्त रिहा करने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि इस तरह की कार्रवाई से शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के अधिकार पर सवाल खड़े होते हैं।

हिरासत के दौरान फेसबुक लाइव

कार्रवाई के दौरान अभिजीत दिपके फेसबुक पर लाइव थे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं खुद यहां गिरफ्तार होने आया हूं, गिरफ्तार करें।” दिपके के मुताबिक, पुलिस ने उनसे कहा कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है और कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की। इस घटनाक्रम ने हिरासत और गिरफ्तारी के बीच की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

अब आगे क्या होगा?

तीनों नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद CJP ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग तेज कर दी है। वहीं, जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई का आधिकारिक आधार, तीनों नेताओं की हिरासत की कानूनी स्थिति और उनकी रिहाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदर्शन से पहले पाबंदियों पर SC सख्त, सरकार से पूछा- आम लोगों की आवाजाही क्यों रोक रहे?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »