उत्तर प्रदेशनोएडा

NCR में मौसम का अचानक यू-टर्न! हापुड़ में ओलावृष्टि, गाजियाबाद में आंधी से मची अफरा-तफरी

NCR में अचानक मौसम ने बदली करवट! हापुड़ में बारिश के साथ गिरे ओले, गाजियाबाद में तेज आंधी से वाहन चालक परेशान। किसानों की धान की फसल पर संकट

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई। हापुड़ में काले बादल छाने के बाद बारिश हुई और कई इलाकों में ओले गिरे। वहीं, गाजियाबाद में तेज हवाओं और आंधी के कारण सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक बदले मौसम ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को प्रभावित किया।

हापुड़ के कई गांवों में गिरे ओले

हापुड़ में दोपहर के समय आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर बाद बारिश शुरू हो गई। जिले के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। सिंभावली और बाबूगढ़ ब्लॉक के गांवों में ओले गिरने की सूचना मिली है। प्रभावित गांवों में मुदाफरा, हरनाथपुर कोटा, सरावनी, गोहरा आलमगीरपुर, धनवाली उर्फ अटा, मुक्तेश्वर, मत नोरा, छतनोरा, औरंगाबाद और बहरामपुर बाढ़ली शामिल हैं। अचानक हुई ओलावृष्टि से ग्रामीणों को परेशानी हुई। मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।

गाजियाबाद में तेज आंधी

गाजियाबाद में भी शुक्रवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। जीटी रोड पर तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अचानक तेज हुई हवाओं के बीच यातायात प्रभावित होने से लोगों को सावधानी बरतनी पड़ी। मौसम में आए इस बदलाव से एनसीआर के लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन इसके साथ ही सामान्य जनजीवन पर असर भी दिखाई दिया।

बारिश और ओलावृष्टि से धान की कटाई प्रभावित

हापुड़ में बारिश और ओलावृष्टि का असर धान की कटाई और खेतों से फसल निकालने के काम पर पड़ा है। खेतों में पानी भरने के कारण कटाई का काम रुक गया। वहीं, जिन किसानों ने धान काट लिया है, उन्हें फसल खेतों से बाहर निकालने में परेशानी हो रही है। ऐसे में किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि ने फसल समेटने के समय उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

फिलहाल मौसम के इस अचानक बदलाव से जहां लोगों को राहत मिली है, वहीं किसानों की नजर अब मौसम साफ होने और खेतों में काम दोबारा शुरू होने पर टिकी है।

ये भी पढ़ें: यूपी राज्यसभा चुनाव: सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, BJP-सपा ने बांटी सीटें!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »