Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में भोज खाने जा रहे लोगों से भरी एक छोटी नाव पानी में पलट गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी बताई गई है। बीच पानी में पलटी नाव जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के करीब 20 लोग मंगलवार रात एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान पानी के बीच नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में सवार लोग पानी में डूबने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पानी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया। तीन गंभीर घायलों को पटना भेजा हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने का सिलसिला शुरू हुआ तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपनों की तलाश में पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गूंज उठा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 17 बच्चों और अन्य लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। इनमें से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया, जबकि एक बच्चे की स्थिति ठीक बताई गई। हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकांश बच्चियां शामिल होने की जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया मुआवजे का ऐलान वैशाली नाव हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की। नितिन नवीन ने भी जताया शोक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सीमा कुमारी, राजस्व अधिकारी राजीव रंजन चौधरी, अंचल अधिकारी दीपक कुमार और राघोपुर सहित आसपास के थानों के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। सदर सीडीपीओ-1 सुबोध कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। फिलहाल प्रशासन हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाने, राहत कार्यों की निगरानी करने और घायलों के उपचार पर नजर बनाए हुए है। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। ये भी पढ़ें: रांका और सौरव दास को 5 दिन की न्यायिक हिरासत, भेजे गए तिहाड़ जेल