उत्तर प्रदेशप्रयागराज

कभी अतीक अहमद के घोड़े बंधते थे, अब गरीबों को मिलेगा आशियाना! प्रयागराज में बनेंगे 602 फ्लैट

प्रयागराज में अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त जमीन पर 602 फ्लैट बनेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को 150 करोड़ की पद्म लोक आवास योजना का शिलान्यास करेंगे।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Atiq Ahmed land: प्रयागराज में कभी माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन अब जरूरतमंद परिवारों के लिए नए आशियाने का ठिकाना बनने जा रही है। जिस जमीन पर कभी अतीक के घोड़े बांधे जाते थे, वहां अब बहुमंजिला आवासीय इमारत तैयार की जाएगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को प्रयागराज दौरे के दौरान इस परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। ‘पद्म लोक आवास योजना’ के तहत यहां 602 फ्लैट बनाए जाने की योजना है।

अतीक के कब्जे से मुक्त जमीन पर बनेगा आवासीय परिसर

यह परियोजना प्रयागराज के चकिया इलाके में स्थित प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की जमीन पर विकसित की जाएगी। प्रशासन के मुताबिक, यह जमीन पहले माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई थी। अब इसी जमीन का इस्तेमाल किफायती आवास योजना के लिए किया जाएगा।परियोजना को लेकर स्थानीय प्रशासन और PDA के अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए निर्माण स्थल पर जमीन समतल करने और साफ-सफाई का काम किया जा रहा है।

14 मंजिला इमारत में बनेंगे 602 फ्लैट

PDA के सचिव विनीत कुमार सिंह के अनुसार, परियोजना को रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (RERA) से पंजीकरण संख्या मिल चुकी है। जमीन की मिट्टी की जांच यानी सॉयल टेस्टिंग रिपोर्ट भी प्राप्त हो गई है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का काम आगे बढ़ रहा है। योजना के तहत करीब 9,811.35 वर्ग मीटर क्षेत्र में 14 मंजिला आवासीय इमारत बनाई जाएगी। निर्माण में आधुनिक मिवान स्ट्रक्चर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना को पूरा करने में लगभग दो से तीन साल लगने का अनुमान है।

कितनी होगी फ्लैट की कीमत?

इस आवासीय परियोजना पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। योजना के तहत बनाए जाने वाले सभी 602 फ्लैट दो बेडरूम, हॉल और किचन (2BHK) वाले होंगे।

  • फ्लैट का क्षेत्रफल: 56.45 वर्ग मीटर
  • अनुमानित निर्माण लागत: 25 से 27 लाख रुपये
  • रजिस्ट्री के बाद अनुमानित कीमत: करीब 30 लाख रुपये
  • निर्माण अवधि: लगभग दो से तीन साल

अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यानी इच्छुक खरीदारों को बुकिंग की तारीख और आवेदन से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा।

पार्किंग से लेकर स्विमिंग पूल तक की सुविधाएं

पद्म लोक आवास योजना के तहत प्रस्तावित परिसर में केवल फ्लैट ही नहीं, बल्कि कई अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इनमें पार्किंग, सोलर सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), स्विमिंग पूल, कम्युनिटी हॉल और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स शामिल हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य निवासियों को एक ही परिसर में बुनियादी और सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए PDA उपाध्यक्ष ऋषिराज और सचिव विनीत कुमार सिंह सहित अधिकारी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री इस दौरान आगामी एमएलसी चुनाव की 11 सीटों के मद्देनजर तीन जनसभाओं को भी संबोधित कर सकते हैं।फिलहाल, परियोजना के शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद है। अब लोगों की नजरें इस बात पर रहेंगी कि 602 फ्लैटों की बुकिंग कब शुरू होती है और पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया क्या रहती है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली के रेस्टोरेंट में लगी आग, खिड़की से कूदे लोग! बच्चों को पहली मंजिल से नीचे उतारकर बचाई जान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »