Food Safety and Drug Administration: शारदीय नवरात्रि के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित नई बस्ती के सिटी मॉल में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर घी और 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर को सीज किया गया। इसके साथ ही छह खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। घी पर लिखे दावों को लेकर उठे सवाल जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सिटी मॉल में जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर रखे लगभग 240 लीटर घी की पैकेजिंग पर विटामिन और मिनरल्स से संबंधित भ्रामक दावे पाए गए। इसके बाद संबंधित घी को सीज कर दिया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पैकेजिंग से जुड़े नियमों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई है। मिर्च पाउडर की पैकिंग में भी मिली खामी छापेमारी के दौरान करीब 18 किलोग्राम मिर्च पाउडर भी जब्त किया गया। विभाग के अनुसार, इसकी पैकेजिंग पर पैकिंग की तारीख और बैच नंबर जैसी जरूरी जानकारियां उपलब्ध नहीं थीं। साथ ही, उत्पाद पर मिथ्याछाप से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नियमों के तहत मिर्च पाउडर को भी सीज कर दिया। अब संबंधित खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। छह खाद्य पदार्थों के नमूने लैब भेजे विभागीय टीम ने मौके से छह खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। इनमें अवतार ब्रांड देशी घी, अवतार ब्रांड गाय का घी, मिर्च पाउडर, मखाना, सरसों का तेल और कुट्टू का आटा शामिल हैं। सभी नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है। अब लैब रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। नवरात्रि के दौरान व्रत और पूजा में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की बिक्री को देखते हुए विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ये भी पढ़ें: दिवाली पर बदलेगी ग्रेटर नोएडा की तस्वीर! एंट्री गेट से गोलचक्करों तक जगमगाएगा शहर