उत्तर प्रदेशनोएडा

दिवाली पर बदलेगी ग्रेटर नोएडा की तस्वीर! एंट्री गेट से गोलचक्करों तक जगमगाएगा शहर

प्राधिकरण ने त्योहार से पहले रोशनी की तैयारियां तेज कीं, 17 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश; बिजलीघरों और किसानों के आबादी भूखंडों से जुड़े कामों की भी हुई समीक्षा

Greater Noida Authority: दिवाली पर ग्रेटर नोएडा को रोशनी से सजाने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर के प्रवेश द्वारों, प्रमुख गोलचक्करों, गांवों और सेक्टरों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाई जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिवाली से पहले स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ उन्हें चालू भी कर दिया जाए। इसके लिए लंबित कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया है।

एंट्री गेट और गोलचक्करों पर विशेष ध्यान

बैठक में एसीईओ ने शहर के प्रमुख स्थानों के साथ गांवों और सेक्टरों में भी पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा। तिलपता, कुलेसरा, छपरौला और खोदना खुर्द समेत 17 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम चल रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दिवाली से पहले इन लाइटों को स्थापित कर चालू किया जाए। इसके अलावा सेक्टर-2, सेक्टर-3 और सेक्टर-12 समेत अन्य सेक्टरों के पार्कों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण का जोर त्योहार से पहले शहर के प्रमुख रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने पर है।

 बिजलीघरों का काम तेज करने के निर्देश

समीक्षा बैठक में बादलपुर और अस्तौली में निर्माणाधीन 33 केवी सबस्टेशनों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। दोनों परियोजनाओं की निर्धारित समयसीमा में अभी छह महीने शेष हैं। इसके बावजूद एसीईओ ने अधिकारियों से निर्माण कार्य तेज कर बिजलीघरों को तय समय से पहले पूरा कराने को कहा। इन सबस्टेशनों के तैयार होने से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

नवंबर तक पूरे होंगे बिजली के काम

किसानों को आवंटित छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में बिजली से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। खैरपुर, खोदना खुर्द, पतवाड़ी, छोटी मिलक और इटैड़ा समेत कई गांवों में काम जारी है। एसीईओ ने अधिकारियों को सभी संबंधित कार्य नवंबर तक पूरे करने के निर्देश दिए।

ड्रेन निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर

बैठक में ड्रेन निर्माण से जुड़े प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा हुई। एसीईओ ने अधिकारियों से टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा। बैठक में ड्रेन विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सचान, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, अश्विनी चतुर्वेदी, सौरभ भारद्वाज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि प्राधिकरण तय समयसीमा के भीतर इन कार्यों को कितना पूरा कर पाता है।

ये भी पढ़ें: नोएडा में आधी रात मुठभेड़! 16 मुकदमों का आरोपी बदमाश गोली लगने से घायल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »