उत्तर प्रदेश

औरैया में 20 लाख रुपये के मादक पदार्थों के साथ युवक गिरफ्तार

कोकीन, एमडीएमए और मेथामफेटामाइन पाउडर बरामद, गाजियाबाद से लाने की बात कबूली

Reported by Dipanshu Savran and edited by Shagun Chaurasia

Auraiya Police Action: उत्तर प्रदेश के औरैया कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 44.55 ग्राम कोकीन, 4.32 ग्राम एमडीएमए/एक्स्टसी टैबलेट्स और 2.92 ग्राम मेथामफेटामाइन पाउडर बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 600 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

चेकिंग में तस्कर गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को कोतवाली औरैया की टीम जालौन चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति फफूंद रोड पर नहर पुल के आगे मादक पदार्थों की तस्करी के इरादे से खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने अधिकारियों को अवगत कराया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद संदिग्ध को सुबह करीब 3:57 बजे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान पुनीत प्रताप सिंह उर्फ प्रगत (28), निवासी गायत्री नगर, थाना कोतवाली औरैया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस उपाधीक्षक यातायात मनोज कुमार गंगवार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से उक्त मादक पदार्थ बरामद हुए।

गाजियाबाद से मादक पदार्थ लाने की बात कही

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कोकीन, एमडीएमए/एक्स्टसी टैबलेट्स और मेथामफेटामाइन पाउडर नशे के आदी लोगों को बेचता था। उसने मादक पदार्थ गाजियाबाद से लाने की बात कही। उसके मुताबिक, वहां अलग-अलग लोग उसे ये पदार्थ उपलब्ध कराते थे, जिनके नाम-पते की जानकारी उसे नहीं थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी पैसों के लालच में इन पदार्थों को बेचने के उद्देश्य से घूम रहा था।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली औरैया में मुकदमा अपराध संख्या 702/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21(b)/29 में अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी यातायात मनोज कुमार गंगवार, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार व संजीव कुमार तथा कांस्टेबल सुभाष चौधरी, विजेंद्र सिंह और रविंद्र सिंह शामिल रहे।

ये भी पढ़ें: औरैया में 75 वर्षीय रामसुघर और 30 साल की रीना की सगाई चर्चा में, उम्र के 45 साल के फासले पर छिड़ी बहस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »