उत्तर प्रदेश

औरैया में 75 वर्षीय रामसुघर और 30 साल की रीना की सगाई चर्चा में, उम्र के 45 साल के फासले पर छिड़ी बहस

इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ सगाई का वीडियो, कुछ ने बताया सच्चा प्यार तो कुछ ने उठाए लोकप्रियता के लिए स्टंट होने के सवाल

Reported by Dipanshu Savran and edited by Shagun Chaurasia

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 75 वर्षीय रामसुघर और 30 वर्षीय रीना राजपूत की सगाई इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों की उम्र में करीब 45 साल का अंतर बताया जा रहा है। सगाई का वीडियो इंस्टाग्राम पर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस रिश्ते को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे उम्र की सीमाओं से परे प्रेम बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने का तरीका मान रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बेटी की सहेली से बढ़ीं नजदीकियां

जानकारी के मुताबिक, सहार क्षेत्र के अरियारी गांव निवासी रामसुघर की दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों की शादी हो चुकी है। उनका बेटा ऑटो चलाता है, जबकि उनकी बड़ी बेटी राधा उनके साथ रहती है। बताया जाता है कि राधा और रीना की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और वे साथ में वीडियो बनाने लगीं। इसी दौरान रीना का रामसुघर के घर आना-जाना शुरू हुआ। बाद में रामसुघर और रीना के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई।

पहले हो चुका है रीना का तलाक

राधा के मुताबिक, रीना की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के तीन साल बाद ही उसका तलाक हो गया था। इसके बाद रीना ने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। रीना के परिवार में उसकी मां और एक भाई हैं। बताया जा रहा है कि उसके भाई की मौजूदगी में ही रामसुघर और रीना की सगाई कराई गई।

ब्यूटी पार्लर में हुई सगाई

राधा के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में रामसुघर और रीना की सगाई हुई थी। दोनों की शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों से कराने की तैयारी की बात भी कही जा रही है, हालांकि अभी शादी की तारीख तय होने की पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

सगाई का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपने-अपने नजरिये से इस रिश्ते पर टिप्पणी कर रहे हैं। कुछ यूजर इसे सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ इसे वीडियो के जरिए व्यूज और लोकप्रियता बढ़ाने की कोशिश मान रहे हैं। सगाई से जुड़ी गतिविधियों की ब्यूटी पार्लर में शूटिंग किए जाने की चर्चा भी है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल इस अनोखे रिश्ते को लेकर जिले से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चाओं का दौर जारी है।

ये भी पढ़ें: सांप के काटने का रचा का खेल… मेरठ में पति की हत्या के मामले में पत्नी और प्रेमी को फांसी की सजा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »