Yogi Adityanath: गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला अब सियासी टकराव में बदल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दे डाली। योगी का सख्त कार्रवाई का ऐलान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में हुए हादसे को लेकर समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान फैली अव्यवस्था के कारण एक मासूम बच्चे की जान चली गई। आखिर उस बच्चे की गलती क्या थी, जो पढ़ने के लिए निकला था? मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वह शाम को पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। 'सपा गुंडागर्दी और अराजकता की पर्याय' योगी आदित्यनाथ ने सपा के पुराने शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया, खनन और वन माफिया का दबदबा था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाई, लेकिन अब गोरखपुर की घटना ने फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को सीधे चुनावी मुकाबले की चुनौती देते हुए कहा, 'चलो नामांकन कर लो अयोध्या से, आमने-सामने कर ही लिया जाए।' उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कमजोर लोग सामने से मुकाबला करने के बजाय पीछे से वार करते हैं। इस दौरान उन्होंने हैदराबाद से आए एक मौलाना और असदुद्दीन ओवैसी पर भी टिप्पणी की। साथ ही विपक्षी दलों पर अराजकता के जरिए जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। कैसे हुआ था 12 साल के आर्यवर्धन का हादसा? दरअसल, बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसी दौरान कूड़ाघाट इलाके में रोड शो में शामिल फूल बरसाने वाली जेसीबी की चपेट में आने से 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की जान चली गई। वह चौरीचौरा के राजधानी गांव का रहने वाला था। परिजनों का आरोप है कि जेसीबी की टक्कर से यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग उठाई। 66 लोगों पर मुकदमा दर्ज अखिलेश यादव ने हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और रोड शो के दौरान प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। वहीं, पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में पांच सपा नेताओं समेत कुल 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब इस मामले में सबकी नजर पुलिस जांच और मुख्यमंत्री की प्रस्तावित पीड़ित परिवार से मुलाकात पर है। साथ ही योगी के बयान के बाद यूपी की सियासत में भी टकराव तेज होने के आसार हैं। ये भी पढ़ें: ठाकुर-ब्राह्मणसे बुलडोजर-निषाद तक…योगी के गढ़ में अखिलेश ने चली 2027 की बड़ी सियासी चाल!