Noida News: ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए प्राधिकरण ने लापरवाही बरतने वाली दो कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सड़कों की सफाई के दौरान मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से धूल उड़ने की शिकायत मिलने पर दोनों कंपनियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें तीन दिन के भीतर जवाब देने का नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कंपनियों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। सफाई के दौरान उड़ रही थी धूल दरअसल, ग्रेटर नोएडा की सड़कों को धूल मुक्त रखने के लिए प्राधिकरण की ओर से मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सफाई कराई जाती है। लेकिन सफाई के दौरान पानी का छिड़काव नहीं होने के कारण मशीनों के पीछे धूल का गुबार उठने की शिकायतें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर भी इस लापरवाही को लेकर सवाल उठाए गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग ने दोनों कंपनियों पर आर्थिक दंड लगाया। ग्रेटर नोएडा में सफाई के नाम पर धूल उड़ाने वाली दो कंपनियों पर प्राधिकरण का एक्शन। मैकेनिकल स्वीपिंग के दौरान लापरवाही पर दोनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना, 3 दिन में मांगा जवाब। #GreaterNoida #Pollution #AirPollution #NoidaHeadlinesTV https://t.co/Ptgjq0U9JJ — Noida Headlines TV (@noidaheadlinest) November 19, 2026 इन दो कंपनियों पर हुई कार्रवाई प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को मैसर्स एंटनी वेस्ट हैंडलिंग सेल लिमिटेड और मैसर्स यदुवंशी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किए गए हैं। दोनों कंपनियां ग्रेटर नोएडा में ट्रक माउंटेड मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के संचालन, रखरखाव और सड़कों की यांत्रिक सफाई का काम कर रही हैं। लापरवाही पर जुर्माना प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि एनजीटी, सीपीसीबी और यूपीपीसीबी के निर्देशों के तहत सड़कों की सफाई से पहले पानी का छिड़काव करना और निर्धारित सावधानियां बरतना जरूरी है। नियमों की अनदेखी को गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रत्येक कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह रकम आगामी बिलों से काटी जाएगी। प्राधिकरण की दो टूक चेतावनी प्राधिकरण के उपमहाप्रबंधक विजय रावल ने साफ कहा कि प्रदूषण फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति या फर्म को बख्शा नहीं जाएगा। अब देखना होगा कि नोटिस के जवाब में दोनों कंपनियां क्या सफाई देती हैं और क्या उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की नौबत आती है। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: गौतमबुद्ध नगर में सरकारी योजनाओं की प्रगति पर मंथन, DM मेधा रूपम समेत जिले के तमाम बड़े अधिकारी रहे मौजूद