भारत

नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे… बालेन शाह के साथ PM मोदी की बड़ी बैठक, 24 हजार करोड़ के पैकेज का ऐलान

पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह की बैठक में 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज का ऐलान हुआ। अयोध्या-जनकपुर ट्रेन समेत आठ समझौतों पर मुहर लगी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Balen Shah India Visit: भारत और नेपाल के रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच सोमवार को अहम बैठक हुई। अपनी पहली राजकीय भारत यात्रा पर आए बालेन शाह का राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद हैदराबाद हाउस में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान व्यापार, ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे और सीमा पार कनेक्टिविटी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की।

‘नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे’

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का संबंध केवल पड़ोसी होने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह साझा आस्था, संस्कृति और आपसी विश्वास से जुड़ा है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।’ उन्होंने भगवान राम और माता सीता को दोनों देशों की साझा सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच संपर्क को मजबूत करने के लिए रेलवे, सड़क और व्यापारिक परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी ट्रेन

इस यात्रा की एक बड़ी उपलब्धि अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की पहल रही। प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने वर्चुअल माध्यम से ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाई।

यह ट्रेन अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा में करीब 19 घंटे लगेंगे। यह साप्ताहिक ट्रेन सेवा 28 नवंबर से नियमित रूप से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इससे दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नेपाल को मिलेगा भारतीय बंदरगाहों तक व्यापारिक रास्ता

पीएम मोदी ने नेपाल के व्यापार को आसान बनाने के लिए कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने की बात कही। इससे नेपाल को अंतरराष्ट्रीय व्यापार में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं में तेजी लाने पर भी सहमति बनी।

ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का उद्घाटन और झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास भी इस साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तेल आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन और खाद की आपूर्ति जारी रखी है।

बालेन शाह ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

द्विपक्षीय बैठक से पहले नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन इस बात का उदाहरण है कि सत्य की ताकत दुनिया की किसी भी शक्ति से बड़ी होती है। बालेन शाह ने खुद को गौतम बुद्ध की जन्मभूमि से आया हुआ बताते हुए कहा कि गांधीजी की विरासत शांति और करुणा का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि वास्तविक नेतृत्व का अर्थ समाज के कमजोर वर्गों की निस्वार्थ सेवा करना है।

भारत-नेपाल के बीच हुए 8 अहम समझौते

इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। फॉरेंसिक साइंस: गुजरात की नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच शिक्षा और अनुसंधान में सहयोग।

  • रक्षा और पुलिस प्रशिक्षण: भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी और नेपाल की नेशनल पुलिस एकेडमी के बीच समझौता।
  • प्रशासनिक प्रशिक्षण: नेपाल के सिविल सेवकों की क्षमता बढ़ाने के लिए नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता।
  • आयुर्वेद: पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आयुर्वेद के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति।
  • सैटेलाइट कम्युनिकेशन: दक्षिण एशिया उपग्रह के इस्तेमाल के लिए ISRO और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच समझौता।
  • शहरी विकास: सतत शहरी विकास के लिए तकनीकी सहयोग।
  • स्वास्थ्य क्षेत्र: दोनों देशों के स्वास्थ्य मंत्रालयों के बीच चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य संबंधी सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमति।
  • पशुधन और मत्स्य पालन: पशुधन एवं मत्स्य पालन के विकास के लिए सहयोग का समझौता।

क्यों महत्वपूर्ण है बालेन शाह की भारत यात्रा?

नेपाल में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा है। ऐसे समय में उनका दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब दोनों देश आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा सुरक्षा, तकनीक और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने जैसे मुद्दों पर मिलकर काम करने की जरूरत महसूस कर रहे हैं।

इस बैठक से भारत और नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन, परिवहन और रणनीतिक सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि घोषित पैकेज और आठ समझौतों का जमीन पर कितना असर दिखाई देता है।

ये भी पढ़ें: Bisleri के पानी पर बड़ा विवाद! दो लैब रिपोर्ट में अलग-अलग नतीजे, कंपनी का अब आया जवाब

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »