उत्तर प्रदेशवाराणसी

बाबतपुर एयरपोर्ट पर बंदूक से अचानक चली गोली! हथियार जांच के दौरान दो महिला कर्मी घायल

बाबतपुर एयरपोर्ट पर हथियार जांच के दौरान यात्री की बंदूक से अचानक गोली चली। हादसे में दो महिला सुरक्षा कर्मी घायल हुईं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Varanasi Airport: वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में एयरपोर्ट सुरक्षा जांच से जुड़ी दो महिला कर्मी घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे टर्मिनल भवन में हुई। मुंबई जाने वाली उड़ान IX-1810 से यात्रा करने वाले एक यात्री ने अपनी पत्नी के साथ सफर के लिए हथियार घोषित किया था। विमान में ले जाने की प्रक्रिया के तहत सुरक्षा कर्मी घोषित हथियार की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बंदूक से अचानक एक राउंड फायर हो गया।

गोली से दो महिला कर्मी घायल

गोली की चपेट में आने से AAICLAS की दो स्क्रीनर्स घायल हो गईं। घटना के बाद टर्मिनल परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। घायलों को एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

हथियार से गोली कैसे चली?

घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल अलर्ट कर दिया गया। स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री और हथियार से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों की जांच का मुख्य बिंदु यही है कि सुरक्षा जांच के दौरान हथियार से फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बंदूक को यात्री ने किस स्थिति में रखा था और जांच के दौरान ट्रिगर दबने या गोली चलने की वजह क्या रही।

सुरक्षा व्यवस्था की भी होगी समीक्षा

एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग किस तरह हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है। फिलहाल एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और घटना के बाद जांच प्रक्रिया जारी है।

ये भी पढ़ें: CM योगी ने BHU स्वतंत्रता भवन में राष्ट्रीय अधिवेशन का किया उद्घाटन, काशी में विज्ञान का महाकुंभ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »