Lucknow News: राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में रिहायशी इलाकों, सड़कों और सरकारी जमीन पर चल रही अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को संयुक्त टीम ने दोबारा अभियान चलाकर करीब 200 भैंसों को मौके से हटाया। साथ ही, 16 अगस्त को कार्रवाई के दौरान सरकारी टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 16 अगस्त को टीम पर हुआ था हमला अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर 16 अगस्त को डेयरी संचालकों और अन्य लोगों ने कथित तौर पर पथराव कर दिया था। इस दौरान नगर निगम कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान एक उपनिरीक्षक पर चेन से वार किया गया और उन्हें घायल कर दिया गया। दो महिलाएं हिरासत में आरोप है कि उपनिरीक्षक का गला दबाने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को हिरासत में लिया था। मामले में पुलिस और नगर निगम की ओर से अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गई थीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की। दोबारा पहुंची संयुक्त टीम मंगलवार को नगर निगम और पुलिस की टीम फिर अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची। कार्रवाई के दौरान करीब 200 भैंसों को हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अवैध रूप से डेयरी संचालित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। इसी बीच पुलिस ने सरकारी टीम पर हमले के मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की टीमें अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। अवैध डेयरियों पर जारी रहेगा अभियान अधिकारियों ने साफ किया है कि सरकारी जमीन, सड़क या रिहायशी इलाकों में नियमों के खिलाफ डेयरी संचालन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी कर्मचारियों और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। ये भी पढ़ें: आजमगढ़ में जेन-अल्फा छात्र-छात्राएं सड़कों पर, बोले- ’26 साल से शिक्षक नहीं’