Azamgarh News: जिले के स्मिथ इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में जेन-अल्फा पीढ़ी के विद्यार्थियों ने करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन कर स्कूल में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि स्कूल में भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के नियमित शिक्षक करीब 26 वर्षों से नहीं हैं**। वहीं गणित के शिक्षक की कमी के कारण भी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों का कहना है कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर उनकी पढ़ाई और भविष्य पर पड़ रहा है। प्राइवेट शिक्षक के नाम पर पैसे लेने का आरोप छात्रों ने स्कूल की शिक्षण व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि निजी शिक्षक की व्यवस्था के नाम पर विद्यार्थियों से 50-50 रुपये लिए जाते हैं। छात्रों का कहना है कि अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, ऐसे में अतिरिक्त शुल्क देना उनके लिए आसान नहीं है। विद्यार्थियों ने मांग की कि स्कूल में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की जाए और पढ़ाई की व्यवस्था को जल्द बेहतर बनाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। मौके पर पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारी प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटाई और स्थिति को समझने का प्रयास किया। अब छात्रों की मांगों पर शिक्षा विभाग और स्कूल प्रशासन क्या कदम उठाता है, इस पर सबकी नजर है। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि नियमित शिक्षकों की नियुक्ति और बेहतर पढ़ाई की ठोस व्यवस्था चाहिए। ये भी पढ़ें: बुराड़ी में बहन की हत्या के बाद सूटकेस में छिपाया शव, नाइट चेकिंग में ऐसे पकड़ा गया आरोपी भाई