उत्तर प्रदेशखेल

UPT20 : रिंकू सिंह की तूफानी पारी से मेरठ मावेरिक्स की रोमांचक जीत

22 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद मेरठ की वापसी, कप्तान रिंकू ने 5 गेंदों में जड़े 26 रन लखनऊ फाल्कन्स ने बनाए 183 रन, मेरठ ने DLS नियम से 5 रन से दर्ज की जीत


LUCKNOW NEWS : यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन के आठवें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने लखनऊ फाल्कन्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत 5 रन से हरा दिया। कप्तान रिंकू सिंह ने दबाव के बीच तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मेरठ को हार के मुंह से निकालकर शानदार जीत दिलाई। मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 183 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों पर 45 रन की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं अजीत वर्मा ने 37 गेंदों पर 53 रन बनाकर टीम की पारी को मजबूती दी। उनकी पारी में आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा। आखिरी ओवरों में सत्यम पांडे और विप्रज निगम के उपयोगी योगदान से लखनऊ ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। मेरठ की ओर से जीशान अंसारी और विजय कुमार ने दो-दो विकेट लिए।


22 रन पर मेरठ के तीन विकेट गिरे

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ की शुरुआत बेहद खराब रही। स्वास्तिक चिकारा ने पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ लगातार दो चौके लगाए, लेकिन अगली ही गेंद पर भुवनेश्वर ने उन्हें स्लिप में कैच करा दिया। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने दूसरे ओवर में लगातार दो विकेट लेकर ऋतुराज शर्मा और अक्षय दुबे को पवेलियन भेज दिया। मेरठ का स्कोर 22 रन पर तीन विकेट हो गया। इसके बाद दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने 52 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, दोनों बल्लेबाज आधी पारी पूरी होने के तुरंत बाद आउट हो गए।


मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने पलटा मैच

मेरठ को जीत के लिए आखिरी पांच ओवर में 59 रन की जरूरत थी। मुश्किल स्थिति में कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 15वें ओवर में अभिनंदन सिंह की गेंदों पर 19 रन बटोरकर अपने इरादे साफ कर दिए। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई और मुकाबला DLS के लक्ष्य के हिसाब से बेहद रोमांचक हो गया। 16.3 ओवर के बाद मेरठ DLS पार स्कोर से सिर्फ एक रन पीछे था। इसके बाद रिंकू ने छक्का लगाकर टीम को आगे कर दिया। बारिश तेज होने लगी और खेल रुकने की स्थिति बन गई। ऐसे में रिंकू सिंह ने नवनीत कुमार के 17वें ओवर में महज पांच गेंदों पर 26 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।


बारिश के कारण मैच रुका, मेरठ विजेता

रिंकू की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर मेरठ मावेरिक्स 16.5 ओवर में 6 विकेट पर 154 रन तक पहुंच गया और DLS पार स्कोर से पांच रन आगे हो गया। इसके बाद तेज बारिश के कारण अंपायरों ने खिलाड़ियों को मैदान से बाहर बुला लिया। लगातार बारिश के चलते मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका और मेरठ को DLS नियम के तहत पांच रन से विजेता घोषित किया गया, रिंकू सिंह 24 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाकर लौटे। उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ये भी पढ़ें : KANPUR NEWS : थाने में युवक ने टॉयलेट क्लीनर पीने की कोशिश की: नशे में पुलिस से उलझा, सिर पटकने लगा; लापरवाही पर दरोगा-हेड कांस्टेबल सस्पेंड


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »