KANPUR NEWS : कानपुर के नौबस्ता थाने में मंगलवार देर रात महिला उत्पीड़न के मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक ने टॉयलेट क्लीनर पीने की कोशिश की। युवक नशे की हालत में अपने दोस्त के साथ थाने पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, थाने पहुंचने के बाद वह पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा और कुछ देर बाद अपना सिर पटकने लगा। घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी तत्काल युवक को कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज ICU में चल रहा है। हालांकि, पुलिस के बयान के मुताबिक युवक टॉयलेट क्लीनर पी नहीं सका था। पुलिस का दावा है कि उसने क्लीनर उठाकर पीने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही पुलिसकर्मियों ने उसे उससे छीन लिया। मामले में थाने की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने नाइट अफसर दरोगा विकास गौड़ और हेड कांस्टेबल अरविंद को सस्पेंड कर दिया है। अलग-अलग नंबरों से महिला को फोन करने का आरोप नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह के मुताबिक, नौबस्ता निवासी एक महिला के ससुर ने सरसौल के महोली गांव निवासी आशीष द्विवेदी के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आशीष अलग-अलग मोबाइल नंबरों से महिला को फोन कर परेशान करता था। परिजनों ने विरोध किया तो युवक पर महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। इसी शिकायत की जांच के लिए पुलिस ने आशीष को थाने बुलाया था। रात में दोस्त के साथ थाने पहुंचा युवक पुलिस के अनुसार, आशीष को दिन में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह उस समय थाने नहीं पहुंचा। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने दोस्त के साथ नौबस्ता थाने पहुंचा, पुलिस का कहना है कि दोनों नशे की हालत में थे। थाने पहुंचने के बाद आशीष पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पूछताछ कराने की बात पर अड़ा रहा। इसके बाद दोनों को थाने में बैठा लिया गया। इसी दौरान आशीष ने कथित तौर पर अपना सिर दीवार या फर्श पर पटकना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। मेडिकल कराने की तैयारी के बीच बाथरूम जाने की बात कही पुलिस के मुताबिक, दोनों का मेडिकल कराने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान आशीष ने लघुशंका जाने की बात कही। एक सिपाही उसे थाने के बाथरूम तक लेकर गया। पुलिस के अनुसार, बाथरूम में रखे टॉयलेट क्लीनर को आशीष ने उठाकर पीने की कोशिश की। इससे पहले कि वह उसे पी पाता, पुलिसकर्मियों ने क्लीनर उससे छीन लिया। इसके बावजूद घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई और तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया। कांशीराम अस्पताल से हैलट भेजा गया पुलिसकर्मी आशीष को तुरंत कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी जांच की और हालत को देखते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर हैलट पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल युवक ICU में भर्ती है और डॉक्टर उसकी हालत पर निगरानी रख रहे हैं। निगरानी में चूक पर दो पुलिसकर्मी निलंबित घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। नशे की हालत में थाने पहुंचे युवक की निगरानी में हुई कथित चूक को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने नाइट अफसर दरोगा विकास गौड़ और हेड कांस्टेबल अरविंद को निलंबित कर दिया। अब विभागीय स्तर पर यह भी जांच की जा रही है कि थाने में मौजूद युवक की निगरानी में चूक कैसे हुई और बाथरूम ले जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए। पुलिस युवक के खिलाफ मिली शिकायत की जांच के साथ-साथ थाने में हुई इस घटना की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें : KANPUR NEWS : एक तरफ नवजात की किलकारी, दूसरी तरफ मां की मौत: डॉक्टरों की इलाज़ में लापरवाही,अस्पताल की OT सील