Lawyer Protest In Delhi: बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में वकीलों का प्रदर्शन शुरू हो गया है। ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में हो रहे इस विरोध प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का भी समर्थन मिला है। प्रदर्शन के मद्देनजर BCI कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने वकीलों और कानून के छात्रों से जुड़े कल्याणकारी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अधिवक्ता उमेश कुमार ने आरोप लगाया कि BCI नेतृत्व वकीलों की सुरक्षा, आर्थिक सहायता और अन्य बुनियादी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा है। वकीलों की सुरक्षा पर उठे सवाल उमेश कुमार ने वकीलों पर कथित हमलों और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि वकीलों के साथ हिंसा की घटनाएं सामने आने के बावजूद BCI की ओर से इन मामलों पर प्रभावी प्रतिक्रिया नहीं दिखाई गई। उन्होंने हाल ही में हैदराबाद में एक वरिष्ठ वकील की मौत का भी उल्लेख किया और सवाल उठाया कि इस मामले पर BCI की ओर से कोई आधिकारिक बयान क्यों नहीं आया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वकीलों के कल्याण से जुड़े मुद्दों की तुलना में अन्य विषयों को अधिक प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही BCI के आधिकारिक पत्रों के कथित दुरुपयोग का आरोप भी लगाया गया। स्टाइपेंड से फर्जी लॉ कॉलेज तक मुद्दे प्रदर्शन में वकीलों का कल्याण, एडवोकेट एक्ट में सुधार, स्टाइपेंड, चैंबर की सुविधा और अधिवक्ताओं की सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए गए। इसके अलावा कानून कॉलेजों की निगरानी, कथित फर्जी लॉ कॉलेजों और फर्जी डिग्रियों पर भी सवाल उठाए गए। उमेश कुमार ने दावा किया कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग पेशे में सक्रिय हैं जिनकी कानूनी योग्यता को लेकर सवाल हैं। उन्होंने इस संबंध में कड़ी जांच और नियमन की जरूरत बताई। इस्तीफे की मांग तेज प्रदर्शन का एक प्रमुख संदर्भ NALSAAR विवाद भी बताया जा रहा है। फिलहाल विरोध को देखते हुए BCI कार्यालय के आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि वकीलों और कानून के छात्रों से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाए जाएं और BCI चेयरमैन अपने पद से इस्तीफा दें। ये भी पढ़ें: नमक की जगह डिटर्जेंट? मिड-डे मील खाते ही बिगड़ी बच्चों की तबीयत, दो दर्जन से ज्यादा बच्चे बीमार