उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर, पत्नी-बहन को गोली मारकर पति ने खुद को भी मारी गोली

गोमतीनगर में SBI कर्मचारी मानस पर पत्नी दिव्या की हत्या का आरोप है। घर में उसकी बहन भी मृत मिली। इसके बाद मानस की भी मौत हो गई। पुलिस जांच जारी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Lucknow Triple Murder: गोमतीनगर के विवेकखंड में गुरुवार को हुई सनसनीखेज घटना में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर 37 वर्षीय दिव्या मिश्रा की हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में उनके पति और SBI कर्मचारी मानस वाजपेयी पर हत्या का आरोप है। इसके बाद मानस अपने घर पहुंचा, जहां उसकी बहन भी मृत मिली। बाद में मानस की भी मौत की सूचना सामने आई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन

दिव्या मिश्रा लखनऊ के आलमबाग स्थित स्नेहनगर की रहने वाली थीं और पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन है जोकि विवेकखंड स्थित ICICI बैंक पहुंची थीं। इसी दौरान मानस ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और फिर गोली मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पहले असलहे के बट से हमला किया और उसके बाद दो गोलियां चलाईं। गंभीर हालत में दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

घर पहुंचने के बाद बढ़ा रहस्य

बैंक के बाहर घटना के बाद मानस अपने घर पहुंचा। पड़ोसियों के मुताबिक, उस समय वह सामान्य दिखाई दे रहा था और आसपास के दुकानदारों से बातचीत भी की। कुछ देर बाद उसकी गतिविधियों और व्हाट्सऐप स्टेटस को लेकर पड़ोसियों को शक हुआ। संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन जवाब नहीं मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। घर के अंदर मानस और उसकी बहन मृत मिले। पड़ोसियों के अनुसार, अंदर धार्मिक भजन और हनुमान चालीसा चल रही थी।

बहन की मौत ने बढ़ाए सवाल

मानस की बहन की पहचान शुरुआती जानकारी में शिबा/सीमा वाजपेयी के रूप में सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें निशाना बनाए जाने के पीछे क्या वजह थी।

तलाक का मामला भी जांच के घेरे में

पुलिस की जांच में सामने आया है कि मानस और दिव्या के बीच करीब एक साल से पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों अलग रह रहे थे। उनका तलाक संबंधी मामला भी पारिवारिक न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है। कथित धोखाधड़ी के शक समेत पारिवारिक विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

CCTV और फॉरेंसिक जांच जारी

DCP ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने मानस के घर से तीन हथियार बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। बैंक से लेकर घर तक के रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम और वारदात की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें: अवैध डेयरी हटाने पहुंची टीम पर पथराव और हमला, पुलिसकर्मी का गला दबाने की कोशिश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »