Jailer 2 Box Office: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज दो दिनों में फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 96.8 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। दूसरे दिन कमाई में गिरावट के बावजूद फिल्म ने 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्मों की सूची में पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। अब सवाल है कि क्या तीसरे दिन इसकी कमाई और बड़ा रिकॉर्ड बना पाएगी? दो दिनों में कितनी हुई कमाई? नेल्सन दिलीप कुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ ने पहले दिन 59.70 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ शानदार शुरुआत की। हालांकि, दूसरे दिन यानी शुक्रवार को इसकी कमाई में करीब 37.86 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस दिन फिल्म ने 37.10 करोड़ रुपये कमाए। इसके बावजूद दो दिनों का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 96.8 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 114.23 करोड़ रुपये बताया गया है। 2026 की पांचवीं सबसे बड़ी तमिल फिल्म दो दिनों की कमाई के दम पर ‘जेलर 2’ ने तमिल सिनेमा की 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। इसने 69.46 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने वाली फिल्म ‘डीसी’ को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में ‘जना नायकन’ 198.57 करोड़ रुपये के साथ पहले और ‘करुप्पु’ 198.18 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है। ‘विश्वनाथ एंड संस’ 122.54 करोड़ रुपये के साथ तीसरे, जबकि ‘मंदादी’ 101.92 करोड़ रुपये के साथ चौथे स्थान पर है। ‘जेलर 2’ की नजर अब अगले पायदान पर है। हालांकि, तीसरे दिन यह किन फिल्मों को पीछे छोड़ती है, इसका फैसला नए बॉक्स ऑफिस आंकड़ों से होगा। 350 करोड़ रुपये का बजट, सितारों से सजी फिल्म करीब 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को सन पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। इसमें रजनीकांत के साथ एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, राम्या कृष्णन, विद्या बालन और सूरज वेंजारामूडु अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं, मोहनलाल, शिव राजकुमार, जैकी श्रॉफ और ऋतिक रोशन के स्पेशल कैमियो भी फिल्म का हिस्सा हैं। अब देखना होगा कि शुरुआती दो दिनों की शानदार कमाई के बाद ‘जेलर 2’ तीसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर कितनी रफ्तार पकड़ती है। ये भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर ‘दृश्यम 3’ का दबदबा कायम, ‘हनुमान अंश’ की रफ्तार भी लगातार जारी