भारतराजनीति

SIR पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी BJP, घर-घर पहुंचेगा 24 पन्नों का दस्तावेज

SIR पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए BJP अगले सप्ताह देशव्यापी अभियान शुरू करेगी। पार्टी 24 पन्नों के दस्तावेज, जनसंपर्क और सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखेगी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

BJP Campaign: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच भारतीय जनता पार्टी देशभर में जनसंपर्क अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस अभियान के जरिए पार्टी कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की ओर से चुनाव आयोग तथा मतदाता सूची में बदलाव को लेकर उठाए गए सवालों का जवाब जनता तक पहुंचाएगी।

घर-घर पहुंचेगी BJP

भाजपा का प्रस्तावित अभियान अगले सप्ताह शुरू हो सकता है। इसके तहत पार्टी नेता और कार्यकर्ता लोगों से सीधे संपर्क करेंगे और SIR की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे। पार्टी का कहना है कि विपक्ष इस मुद्दे पर लोगों के बीच भ्रम फैला रहा है। हालांकि, विपक्ष चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में नामों को हटाए जाने को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है।

24 पन्नों के दस्तावेज में क्या होगा?

भाजपा इस अभियान के लिए 24 पन्नों का एक विस्तृत दस्तावेज तैयार कर रही है। इसमें SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के जवाब शामिल किए जाने की तैयारी है। यह दस्तावेज पार्टी के सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के लिए संदर्भ सामग्री के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। इसके आधार पर नेता अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को पार्टी का पक्ष समझाएंगे और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े तथ्यों को सामने रखेंगे।

सोशल मीडिया पर भी होगी मुहिम

भाजपा इस अभियान को केवल घर-घर संपर्क तक सीमित नहीं रखेगी। सोशल मीडिया और दूसरे संचार माध्यमों के जरिए भी पार्टी अपना पक्ष जनता तक पहुंचाने की योजना बना रही है। इसके लिए देशभर की संगठनात्मक इकाइयों और वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।

कांग्रेस के पुराने मामलों का भी उठेगा मुद्दा

अभियान के दौरान भाजपा उन घटनाओं का भी उल्लेख करने की योजना बना रही है, जिनके जरिए वह कांग्रेस के शासनकाल में चुनाव आयोग और अन्य संस्थानों की भूमिका पर सवाल उठाना चाहती है। इन उदाहरणों के माध्यम से पार्टी विपक्ष के मौजूदा आरोपों का जवाब देने की कोशिश करेगी। SIR और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच भाजपा की यह तैयारी अहम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि घर-घर पहुंचने वाला यह अभियान मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर जनता के बीच कितनी चर्चा पैदा करता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली की रामलीला में रावण के साथ जलेगा 30 फीट का कॉकरोच, फैसले के पीछे की वजह चर्चा में!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »