Bollywood Celebrities Support CJP Protest: नई दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले और उसके दौरान हुई पुलिस कार्रवाई अब राजनीतिक गलियारों से निकलकर फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंच गई है। जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शनकारियों की हिरासत पर बॉलीवुड की कई हस्तियों ने नाराजगी जताई है। अनुराग कश्यप, प्रकाश राज, विशाल ददलानी और वीर दास समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं। अब इस मामले को लेकर बहस तेज हो गई है कि क्या प्रदर्शनकारियों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर मिला? प्रकाश राज ने पूछा- नागरिकों की आवाज कब तक रोकेंगे? अभिनेता प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक कार्टून साझा करते हुए सवाल किया कि नागरिकों के विरोध से आखिर कब तक बचा जाएगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की हिरासत पर भी आपत्ति जताई। प्रकाश राज ने अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रंका को हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को उनके घरों और फ्लाइट से हिरासत में लेकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आवाज उठाने वालों को रोकने से सवाल खत्म नहीं होंगे। इससे पहले भी उन्होंने दिल्ली में भारी पुलिस तैनाती और परिवहन सेवाओं को लेकर सामने आई खबरों पर प्रतिक्रिया दी थी। Fraand .. how long will you stop a river.. #justasking https://t.co/AjBwiR6hVg — Prakash Raj (@prakashraaj) October 10, 2026 अनुराग कश्यप ने प्रदर्शनकारियों के साहस को सराहा फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “दो डरपोक, 40,000 गुलाम, लाखों बहादुर।” उनकी इस टिप्पणी को प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के संदर्भ में देखा जा रहा है। अनुराग ने एक अन्य पोस्ट में लोगों से ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को लाइव फॉलो करने की अपील की। खबरों के मुताबिक, नेहा ने समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू किया था, जिसके बाद उन्हें भी हिरासत में लिया गया। विशाल ददलानी और अपूर्वा असरानी ने भी जताया विरोध गायक विशाल ददलानी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती और राजधानी में जनजीवन प्रभावित होने से जुड़े दावों पर सवाल उठाए। वहीं, एडिटर और फिल्ममेकर अपूर्वा असरानी ने अभिजीत दीपके, रत्ना सिंह और ध्रुव राठी की हिरासत का जिक्र करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया। शिरीष कुंदर ने भी सवाल किया कि यदि किसी व्यवस्था को अपने ही नागरिकों से बचने के लिए ताकत का इस्तेमाल करना पड़े, तो वह कितने समय तक टिक सकती है। फिल्ममेकर विक्रमादित्य मोटवाने और अभिनेता मोहम्मद जीशान अय्यूब ने भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में प्रतिक्रियाएं साझा कीं। कॉमेडियन वीर दास ने ‘स्ट्राइसैंड इफेक्ट’ का संदर्भ दिया, जिसके अनुसार किसी बात को दबाने की कोशिश कभी-कभी उसे और अधिक चर्चा में ला देती है। SIR विवाद के बीच दिल्ली में कड़ी सुरक्षा CJP ने मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। कई प्रदर्शनकारियों, नेताओं और अन्य लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आईं। प्रदर्शनकारियों की हिरासत और पुलिस की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद के साथ-साथ फिल्मी हस्तियों की प्रतिक्रियाएं भी चर्चा में हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि इस विरोध और उस पर हुई कार्रवाई को लेकर विवाद आगे क्या मोड़ लेगा। ये भी पढ़ें: सोनम वांगचुक का सरकार को अल्टीमेटम, 24 घंटे में प्रदर्शनकारी रिहा नहीं हुए तो करेंगे अनशन!