Delhi Ramlila Maidan: दिल्ली में दिवाली से पहले कांग्रेस बड़े प्रदर्शन की तैयारी में जुट गई है। पार्टी को रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल गया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी 1 नवंबर को यहां बड़ा प्रदर्शन कर सकती है। हालांकि, कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी औपचारिकताएं अभी पूरी की जानी हैं। रामलीला मैदान बना नया प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर को अधिकृत प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD मैदान को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। इसके बाद कांग्रेस ने रामलीला मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जगह की उपलब्धता को लेकर नगर निगम (MCD) से संपर्क किया। दिल्ली सेंट्रल पुलिस के DCP रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि MCD ने कांग्रेस को जानकारी दी कि रामलीला मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा। जगह की उपलब्धता का प्रमाण मिलने के बाद पार्टी ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने क्यों दी अनुमति? DCP के मुताबिक, कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर चर्चा के बाद पुलिस ने NOC जारी करने का फैसला किया। अब पार्टी को इस प्रमाणपत्र के साथ MCD के पास जाकर मैदान की बुकिंग से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। रामलीला मैदान जमीन का मालिकाना हक रखने वाली एजेंसी MCD ही अंतिम बुकिंग प्रक्रिया को पूरा करेगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई अन्य संगठन या आयोजक इस अवधि में मैदान बुक करना चाहता है, तो उसे भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। 1 नवंबर को जुट सकती है बड़ी भीड़ कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पार्टी 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने की योजना बना रही है। दिवाली से पहले होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर अब तैयारियां तेज होने की संभावना है। फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कांग्रेस अपने प्रदर्शन में किन मुद्दों को प्रमुखता देती है और कार्यक्रम में कितने लोग शामिल होते हैं। मैदान की बुकिंग और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आयोजन की तस्वीर और स्पष्ट होगी। ये भी पढ़ें: बच्चों को इंटरनेट से नहीं कर सकते दूर… सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, जानिए क्या है मौलिक अधिकार