भारत

तंग रास्ते, धुएं का गुबार और 9 मौतें… कोलकाता होटल अग्निकांड में आखिर कहां हुई चूक?

कोलकाता के होटल शिखा इन में भीषण आग से नौ लोगों की मौत हो गई। संकरे रास्तों और धुएं के कारण बचाव मुश्किल हुआ। करीब 60 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Kolkata Hotel Fire: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार तड़के एक होटल में लगी भीषण आग ने 9 लोगों की जान ले ली। हादसा मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल शिखा इन में हुआ, जहां आग लगने के बाद पूरे भवन में काला धुआं भर गया। राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रात 2 बजे मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, फ्लोरेंस मेंशन भवन में संचालित होटल में करीब 2 बजे आग लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग तीसरी मंजिल से शुरू हुई और देखते ही देखते धुआं दूसरी मंजिलों तक फैल गया। फायर सर्विस को रात 2:07 बजे सूचना मिली, जिसके बाद दमकल, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं।

आग से ज्यादा धुएं ने ली जान

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतकों के शरीर पर गंभीर जलने के निशान नहीं थे। अधिकारियों का मानना है कि अधिकांश मौतें दम घुटने से हुईं। आग की तीव्रता बहुत ज्यादा नहीं थी, लेकिन घना धुआं तेजी से पूरे भवन में फैल गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई।

संकरे रास्तों ने बढ़ाई मुश्किल

हादसे के बाद भवन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक प्रवेश और निकासी के रास्ते बेहद संकरे थे। धुएं के बीच लोगों के लिए बाहर निकलने का रास्ता पहचानना मुश्किल हो गया। जांच में यह भी पता चला कि एक ही इमारत की अलग-अलग मंजिलों पर कई होटल और गेस्ट हाउस चल रहे थे। कमरों के छोटे आकार और संकरे गलियारों ने बचाव अभियान को और चुनौतीपूर्ण बना दिया।

नौ की मौत, 60 लोगों का रेस्क्यू

पुलिस के अनुसार मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। एक मृतक झारखंड का निवासी बताया गया है। अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। कुछ मृतकों के बांग्लादेशी नागरिक होने की भी जानकारी सामने आई है।

मालिक-कर्मचारी फरार, जांच तेज

हादसे के बाद न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक होटल मालिक और कुछ कर्मचारी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। फोरेंसिक जांच के जरिए आग लगने की वास्तविक वजह और सुरक्षा मानकों में हुई संभावित चूक का पता लगाया जा रहा है। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

ये भी पढ़ें: छात्रों के प्रदर्शन पर तमिलनाडु सरकार का ‘ब्रेक’! CJP और लेफ्ट के आंदोलन से दूरी के आदेश पर भड़के सौरव दास

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »