MP Accident News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। गोहद इलाके में नेशनल हाईवे-719 पर तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। घायलों में ट्रक चालक भी शामिल है। गायों को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 1 बजे छीमका गांव के पास हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिकअप की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसी दौरान हाईवे पर कुछ गायें बैठी दिखाई दीं। उन्हें बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार मजदूरों को गंभीर चोटें आईं। धान की रोपाई कर घर लौट रहे थे मजदूर घायल मजदूर नंदलाल के मुताबिक, पिकअप में कुल 29 मजदूर सवार थे। सभी अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। ये मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। उनका गंतव्य उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित गांव था। सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पांच शव गोहद और तीन शव ग्वालियर में रखे गए हैं। मृतकों में छह की पहचान हो चुकी है, जबकि दो की पहचान की कोशिश जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर मचा हड़कंप टक्कर के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर रास्ता साफ कराया और यातायात सामान्य कराया। सीएम योगी ने जताया दुख हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर हाईवे पर बैठे मवेशियों को हादसे की अहम वजह माना जा रहा है। रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक मवेशियों के आ जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। ये भी पढ़ें: अमरोहा के बाद उन्नाव में धंसा गंगा एक्सप्रेसवे, 10 मीटर तक खिसकी मिट्टी