Rahul Gandhi Petition Corrected: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं की याचिका में रजिस्ट्री की ओर से बताई गई तकनीकी कमियों को दूर कर दिया गया है। इसके बाद याचिका को रिट याचिका नंबर मिल गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कोर्ट के सिस्टम में सुनवाई की संभावित तारीख 26 अक्टूबर दिखाई दे रही है। हालांकि, अंतिम तारीख अदालत की सूची पर निर्भर करेगी। याचिका में पहले बताई गई थीं 14 कमियां राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं ने 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। रजिस्ट्री ने इसमें 14 तकनीकी खामियां बताई थीं। इनमें कुछ प्रतिवादियों के नामों में गड़बड़ी, जरूरी दस्तावेजों की कमी, कुछ नेताओं के वकालतनामे का नहीं होना, मल्लिकार्जुन खड़गे के पहचान पत्र की अस्पष्ट कॉपी और 220 रुपये की कम कोर्ट फीस जैसी आपत्तियां शामिल थीं। याचिकाकर्ताओं की ओर से इन कमियों को सुधारने के बाद याचिका औपचारिक रूप से दर्ज की गई। दशहरा अवकाश के बाद 26 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट का कामकाज दोबारा शुरू होना है। हालांकि, यदि अदालत समय देती है तो मामले की सुनवाई इससे पहले भी संभव हो सकती है। अब 13 याचिकाकर्ता कोर्ट के रिकॉर्ड के अनुसार, याचिका में टी. थिरुमावलवन और सज्जाद अहमद किचलू के नाम भी जोड़े गए हैं। इसके बाद याचिकाकर्ताओं की संख्या 13 हो गई है। थिरुमावलवन विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) के संस्थापक हैं, जबकि किचलू नेशनल कॉन्फ्रेंस से जुड़े नेता हैं। SIR पर रोक लगाने की मांग विपक्षी नेताओं ने याचिका में आरोप लगाया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य चुनाव आयुक्तों की जानकारी या सहमति के बिना एकतरफा फैसले लिए। याचिकाकर्ताओं ने SIR से जुड़े फैसलों की फाइलें, नोटिंग और अन्य रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही, सुनवाई पूरी होने तक देशभर में SIR की प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगाने की अपील की गई है। ओवैसी ने भी दी चुनौती AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी मतदाता सूची के SIR को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। अदालत ने उनके वकील से यह बताने को कहा है कि इसी विषय से जुड़ी कौन-कौन सी याचिकाएं पहले से लंबित हैं। अब सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और SIR को लेकर विपक्ष की मांगों पर अदालत के रुख पर टिकी हैं। ये भी पढ़ें: ‘गला पकड़ा, चेहरे पर खरोंच के आरोप’, राहुल गांधी के सामने NSUI कार्यकर्ता ने सुनाई आपबीती