Akash Anand: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी में शामिल कर लिया है। उन्हें दोबारा बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। आकाश आनंद ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए पार्टी में वापसी का अनुरोध किया था। मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आकाश आनंद के व्यवहार और कार्यशैली में पिछले कुछ समय में बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद यह बदलाव और स्पष्ट हुआ है। 'बहुजन समाज मेरा विराट परिवार' मायावती ने कहा कि पूरा बहुजन समाज उनका विराट परिवार है और उसका हित उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने समय-समय पर कड़े फैसले लिए हैं और इनमें उनके परिवार के लोग भी अपवाद नहीं रहे। बसपा प्रमुख ने कहा कि आकाश आनंद का पार्टी में कामकाज पहले भी काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन कुछ परिस्थितियों के चलते संगठन में जरूरी बदलाव करने पड़े। इसी क्रम में उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी राजनीति से संन्यास लेना पड़ा। आकाश आनंद की वापसी पर परिवार की सहमति मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद की पार्टी में वापसी को लेकर संगठन के अधिकांश लोगों की राय सकारात्मक रही। आकाश के पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद ने भी उनकी वापसी पर सहमति जताई। मायावती ने बताया कि ईशान आनंद ने बिना किसी पद के पार्टी के लिए काम करने की इच्छा जताई है। वह बहनजी के दिशा-निर्देशन में मिलने वाली जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने के लिए तैयार हैं। फिर मिली राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मायावती ने कहा कि पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित को ध्यान में रखते हुए आकाश आनंद को दोबारा बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे संगठन का काम सुचारू रूप से चलेगा और बार-बार बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, मायावती ने यह भी कहा कि आगे सब कुछ ठीक रहने की जिम्मेदारी काफी हद तक आकाश आनंद के ऊपर होगी। आकाश आनंद के उज्ज्वल भविष्य की कामना मायावती ने आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए उन्हें, उनके छोटे भाई ईशान आनंद और पिता आनंद कुमार को अपना प्यार और आशीर्वाद दिया। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में साथ देने के लिए बहुजन समाज और अपने शुभचिंतकों का भी आभार जताया। आकाश आनंद की पार्टी में वापसी और उन्हें राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी ऐसे समय हुई है, जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हैं। ऐसे में उनकी वापसी को बसपा के संगठनात्मक अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये भी पढ़ें: दिव्या मित्तल यूपी में कहां से लड़ेंगी चुनाव? IAS छोड़ने के बाद इन सीटों पर नजर