अयोध्याउत्तर प्रदेश

अयोध्या के सरकारी स्कूलों में YouTubers और इन्फ्लुएंसर्स की ‘नो एंट्री’, BSA ने जारी किया आदेश

अयोध्या के सरकारी स्कूलों में बिना अनुमति YouTubers, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई। फोटो-वीडियोग्राफी भी प्रतिबंधित, उल्लंघन पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Education Department Order: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के परिषदीय विद्यालयों में अब बिना अनुमति पहुंचने वाले बाहरी लोगों के लिए मुश्किल बढ़ गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) लालचंद ने जिले के सभी परिषदीय स्कूलों में YouTubers, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अन्य बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश जारी किया है।

बिना अनुमति स्कूल में एंट्री नहीं

नए आदेश के अनुसार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी या सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी बाहरी व्यक्ति स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही स्कूल के अंदर फोटो खींचने या वीडियो बनाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। विभाग ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया है कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए। बिना अनुमति स्कूल पहुंचने वालों को लेकर भी विद्यालय स्तर पर सतर्कता बरतने को कहा गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने से बढ़ी चिंता

बेसिक शिक्षा विभाग के मुताबिक, कुछ बाहरी लोग बिना अनुमति परिषदीय विद्यालयों में पहुंचकर स्कूल, शिक्षकों और अन्य गतिविधियों की फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे थे। विभाग का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से स्कूल में पढ़ाई प्रभावित होने के साथ शिक्षक पद की गरिमा और विभाग की छवि पर भी असर पड़ता है। इसी को देखते हुए स्कूल परिसरों में अनधिकृत फोटो-वीडियोग्राफी पर भी रोक लगाई गई है।

निरीक्षण के लिए पहले से तय व्यवस्था

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सरकारी स्कूलों के निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए शासन-प्रशासन की ओर से पहले से ही अधिकृत अधिकारी नियुक्त हैं। ये अधिकारी समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण करते हैं और कमियां मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। विभाग का कहना है कि परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और शिक्षकों की गरिमा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

बिना अनुमति प्रवेश पर रोक

आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अब अयोध्या के सरकारी स्कूलों में किसी भी बाहरी व्यक्ति, YouTuber या सोशल मीडिया से जुड़े व्यक्ति को प्रवेश और फोटो-वीडियोग्राफी के लिए पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी होगी।

ये भी पढ़ें: ‘राम मंदिर प्रसाद’ के नाम पर मिठाई बेचना पड़ा भारी! Amazon पर 1 लाख रूपये का लगा जुर्माना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »