Election Preparations of Akash Anand: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सियासत में सक्रिय भूमिका निभाने जा रहे हैं। पार्टी ने उनके चुनाव प्रचार का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आकाश आनंद 28 अक्टूबर से बुलंदशहर के अनूपशहर में जनसभा के साथ चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह प्रदेश के कई जिलों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे। लंबे समय बाद यूपी में उनकी चुनावी वापसी को बसपा की आगामी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बुलंदशहर से शुरू होगा चुनावी अभियान पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, आकाश आनंद 28 अक्टूबर को बुलंदशहर के अनूपशहर में बसपा प्रत्याशी मनोज कुमार प्रधान के समर्थन में जनसभा करेंगे। इसके बाद 2 नवंबर को सहारनपुर के नकुड़ में नरेश कुमार सैनी के पक्ष में वोट मांगेंगे। उनका चुनावी दौरा यहीं नहीं रुकेगा। 20 नवंबर को वह अयोध्या के बीकापुर, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर के बिल्हौर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों में संबंधित क्षेत्रों के सेक्टर और जोन स्तर के पदाधिकारी भी सहयोग करेंगे। यूपी के बाहर भी संभालेंगे प्रचार की कमान आकाश आनंद का चुनावी कार्यक्रम उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी के मुताबिक, वह 26 नवंबर को पंजाब के जालंधर में जनसभा करेंगे। इसके अलावा, डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर 6 दिसंबर को हरिद्वार में भी सभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के कार्यक्रमों के दौरान कुछ सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होने की संभावना भी जताई जा रही है। मायावती ने फिर सौंपी अहम जिम्मेदारी आकाश आनंद की यह वापसी इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि लोकसभा चुनाव के दौरान सीतापुर में दिए गए कथित भड़काऊ भाषण को लेकर मायावती ने उन्हें अपरिपक्व बताते हुए चुनाव प्रचार से दूर कर दिया था। अब उन्हें दोबारा प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती की अनुमति से उनका आगामी डेढ़ महीने का कार्यक्रम तय किया गया है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की प्रस्तावित रैलियों के बीच बसपा ने आकाश आनंद को सक्रिय कर अपनी चुनावी तैयारियों को धार देने की रणनीति बनाई है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि आकाश आनंद की जनसभाएं बसपा के चुनावी अभियान को कितना मजबूत करती हैं और उनकी वापसी से प्रदेश की सियासत में क्या असर पड़ता है। ये भी पढ़ें: गिरगिट की तरह बदला रंग… गाजियाबाद में योगी का सपा पर तीखा हमला, टिकट बेचने का भी लगाया आरोप