उत्तर प्रदेशनोएडा

रात में खाए नूडल्स, सुबह नहीं उठा परिवार! 5 की संदिग्ध मौत

ग्रेटर नोएडा में नूडल्स खाकर सोए परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। पुलिस ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच शुरू की।

Greater Noida Family Died: ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार शुक्रवार रात नूडल्स खाने के बाद सो गया था, लेकिन अगली सुबह घर में सभी पांचों के अचेत मिलने से सनसनी फैल गई। फिलहाल, मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस फूड पॉइजनिंग से लेकर जहरीले पदार्थ के सेवन समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

सुबह घर में अचेत मिले परिवार के पांचों सदस्य

यह घटना ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने शुक्रवार रात नूडल्स खाए और इसके बाद सोने चला गया। शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई।बताया जा रहा है कि घर के अंदर पहुंचने पर परिवार के पांचों सदस्य बेड पर अचेत अवस्था में मिले। उन्हें जगाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

पति-पत्नी और तीन बच्चों की मौत

मृतकों की पहचान महेश, उनकी पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, महेश की उम्र 38 वर्ष और ललिता की उम्र 36 वर्ष बताई गई है। बच्चों की उम्र 11, 7 और 3 साल बताई गई है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

नूडल्स, चाय और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जुटाए

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने रसोई से नूडल्स, चाय के बर्तन और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने कब्जे में लिए हैं। इनकी जांच प्रयोगशाला में कराई जाएगी। शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी किसी वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

DCP ने क्या बताया?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मौतों के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और खाद्य पदार्थों के नमूनों की रिपोर्ट अहम होगी। इन्हीं के आधार पर स्पष्ट हो सकेगा कि परिवार के पांचों सदस्यों की मौत कैसे हुई। फिलहाल, पुलिस जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

ये भी पढ़ें: चेन स्नैचरों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों को लगी गोली, 2.19 लाख रुपये बरामद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »