Hardoi Water Crisis: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले बुधवार को करीब एक घंटे हुई तेज बारिश ने हरदोई शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों और सड़कों पर जलभराव हो गया।हरदोई मेडिकल कॉलेज,कलेक्ट्रेट परिसर,एसपी ऑफिस परिसर,नघेटा रोड, मोहल्ला बैटगंज समेत कई गलियों और मार्गों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।वहीं किसान दिवस पर सीडीओ दफ्तर पहुंचे किसानों को जलभराव से गुजरना पड़ा जिसको लेकर किसानों ने आक्रोश जताया। जलभराव पर नाव से विरोध बारिश के बाद सड़कें और गलियां जलमग्न नजर आईं।कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।वहीं,सरकारी कार्यालय परिसरों में भी जलभराव होने से कर्मचारियों और फरियादियों को परेशानी उठानी पड़ी।शहरवासियों का आरोप है कि बारिश के दौरान हर साल जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन नगर पालिका की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।इसी समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन किया।कार्यकर्ताओं ने मंत्री नितिन अग्रवाल के मोहल्ला बैटगंज स्थित मार्ग और गलियों में नाव चलाकर विरोध जताया। जल निकासी व्यवस्था फेल इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि एक घंटे की बारिश में ही शहर की स्थिति बदहाल हो गई है। प्रमुख मार्गों से लेकर मोहल्लों और सरकारी कार्यालयों तक पानी भर गया।उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जलभराव की समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ये भी पढ़ें: ‘राम मंदिर प्रसाद’ के नाम पर मिठाई बेचना पड़ा भारी! Amazon पर 1 लाख रूपये का लगा जुर्माना