Kanpur News: कोतवाली थाना क्षेत्र के इटावा बाजार स्थित बंगाली मोहाल में मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक जर्जर मकान अचानक ढह गया। गनीमत रही कि हादसे से कुछ समय पहले ही मकान को खाली करा लिया गया था, जिसके चलते चार परिवारों की जान बच गई। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को देवी मां की कृपा और आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार बंगाली मोहाल निवासी बऊआ मिश्रा की पत्नी मंगलवार को अपने घर में स्थित माता के मंदिर में पूजा कर रही थीं। परिजनों के मुताबिक पूजा के दौरान उन्हें ऐसा संकेत महसूस हुआ कि मकान गिर सकता है। इसके बाद परिवार ने बिना देर किए आनन-फानन में मकान खाली कर दिया और आसपास के लोगों को भी सतर्क पुलिस को सूचना कर दिया था। बऊआ मिश्रा के अनुसार, मकान खाली करने के कुछ ही समय बाद उसका एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। इसके बाद धीरे-धीरे रात से सुबह तक पूरा मकान ढह गया। राहत की बात यह रही कि उस समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद जब लोगों ने घर में बने देवी मां के मंदिर की ओर देखा तो मूर्ति को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ था। मूर्ति पर एक निशान तक नहीं आने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आस्था और भी गहरी हो गई। बताया जा रहा है कि मकान पहले से ही काफी जर्जर और गिराऊ हालत में था। हालांकि इससे पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं बनी थी कि मकान अचानक गिर जाए। समय रहते मकान खाली किए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और लोग इसे देवी मां की कृपा बताते नजर आए। ये भी पढ़ें : शेयर बाजार में लगातार गिरावट: सेंसेक्स 493 अंक टूटा, निफ्टी छठे दिन भी लाल निशान में