उत्तर प्रदेशकानपुर

KANPUR NEWS : DIOS पहुंचे तो खुली स्कूल की पोल: 55 छात्रों में सिर्फ 8 उपस्थित, प्रिंसिपल के कमरे पर ताला, शिक्षक भी नदारद!

KANPUR NEWS : पांडु नगर स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी इंटर कॉलेज में गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) के औचक निरीक्षण ने स्कूल की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंजीकृत 55 छात्रों में से महज 8 छात्र ही मौजूद मिले। कई कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति पूरी तरह शून्य रही। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य भी मौके पर मौजूद नहीं थे और उनके कार्यालय में ताला लगा मिला।

DIOS प्रवीण कुमार तिवारी ने विद्यालय पहुंचकर जब उपस्थिति रजिस्टर और कक्षाओं की स्थिति देखी तो कम उपस्थिति के साथ शिक्षकों और कर्मचारियों की गैरहाजिरी भी सामने आई। प्रधानाचार्य बीके मिश्रा के कमरे पर ताला लगा था। अधिकारी ने फोन के जरिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी अनुपस्थिति को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।


चार कक्षाओं में छात्र उपस्थिति शून्य

निरीक्षण के दौरान कक्षा 6 में दो छात्र पंजीकृत थे, लेकिन एक भी छात्र स्कूल नहीं पहुंचा था। कक्षा 7 में भी कोई छात्र उपस्थित नहीं मिला। कक्षा 8 में तीन छात्रों का पंजीकरण था, लेकिन यहां भी उपस्थिति शून्य रही। कक्षा 9 में सात पंजीकृत छात्रों में केवल एक छात्र उपस्थित मिला। कक्षा 10 में छह छात्र पंजीकृत होने के बावजूद कोई भी छात्र विद्यालय नहीं पहुंचा था। कक्षा 11 में 17 पंजीकृत छात्रों में सिर्फ दो छात्र उपस्थित मिले, जबकि कक्षा 12 में 19 छात्रों में पांच छात्र ही स्कूल आए थे। इस तरह कुल 55 पंजीकृत छात्रों में निरीक्षण के समय केवल आठ छात्र विद्यालय में मौजूद थे।


प्रधानाचार्य समेत कई शिक्षक-कर्मचारी गैरहाजिर

 

औचक निरीक्षण में विद्यालय के कई शिक्षक और कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले। प्रधानाचार्य बीके मिश्रा के अलावा सहायक अध्यापक हरिनारायण त्रिवेदी और अनूप तिवारी स्कूल में मौजूद नहीं थे। सहायक अध्यापक कुलदीप यादव की उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर दर्ज मिले, लेकिन निरीक्षण के समय वह विद्यालय में नहीं थे। इस स्थिति को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। इसके अलावा लिपिक एवं परिचारक विभूति पांडेय और जय कुमार तिवारी भी अनुपस्थित मिले, संविदा कर्मचारी अजय कुमार और कुमारी प्राश्री देवी भी निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मौजूद नहीं थीं।


उपस्थिति रजिस्टर ने भी खड़े किए सवाल

DIOS ने निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच की। रजिस्टर में शिक्षक के हस्ताक्षर दर्ज होने के बावजूद मौके पर उनका मौजूद न मिलना विद्यालय में उपस्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों की गैरहाजिरी को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्कूल में छात्रों की बेहद कम उपस्थिति और शिक्षकों-कर्मचारियों की गैरहाजिरी सामने आने के बाद DIOS ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को गंभीरता से लिया। निरीक्षण के दौरान अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।

प्रधानाचार्य पर कार्रवाई की संस्तुति, वेतन भी रोका

DIOS प्रवीण कुमार तिवारी के अनुसार, प्रधानाचार्य बीके मिश्रा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। वहीं निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले शिक्षकों और कर्मचारियों का अगस्त महीने का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है, अचानक हुए निरीक्षण के बाद शिक्षा विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की मनमानी तथा छात्रों की पढ़ाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब विभागीय जांच के आधार पर संबंधित प्रधानाचार्य, शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

ये भी पढ़ें : थार के बोनट पर चढ़े समर्थक तो सांसद ने जोड़ लिए हाथ, बोले- गाड़ी टूट जाएगी बेटा, पैसे नहीं हैं 


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »