उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर लखनऊ में सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन, पैदल मार्च के दौरान पुलिस से नोकझोंक

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर यूपी की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा के नेतृत्व में विरोध दर्ज कराने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पैदल मार्च किया।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Lucknow SP protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर लखनऊ में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी के नेतृत्व में छात्र सभा, महिला सभा और यूथ ब्रिगेड से जुड़े कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच अविश्वास का माहौल बन रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च

इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ता एकजुट हुए हैं और वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।

बैरिकेडिंग के दौरान पुलिस से हुई नोकझोंक

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में दोपहर करीब तीन बजे कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च शुरू किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका मार्च गांधी प्रतिमा तक जाने के लिए था। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ दिल्ली में हुई घटना के विरोध में कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ मना रहे हैं। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध जारी रखने की बात कही है।

ये भी पढ़ें: अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं CM योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव ने दी चुनौती

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »